Assembly Elections 2027: UP में SIR पर BJP का मेगा प्लान, घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता, छूटे वोटरों के जुड़वाएंगे नाम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में SIR को लेकर भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करना शुरू कर दिया है। वोटिंग लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए, इसके लिए पार्टी ने जिला स्तर से लेकर विधानसभा क्षेत्रों तक जिम्मेदारियां तय करने की तैयारी की है। लखनऊ में हुई अहम संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष से लेकर उपमुख्यमंत्री तक ने कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करने और उनके नाम जुड़वाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े -साल में सिर्फ धनतेरस पर खुलता है धन्वंतरि मंदिर, हिमालय की जड़ी-बूटियों से लगता है भगवान को भोग, फिर रात में बंद हो जाते हैं पट
लखनऊ में भाजपा ने SIR की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों की अहम बैठक बुलाई। इसमें मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को जुड़वाने और मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बीजेपी स्टेट प्रेसिडेंट पंकज चौधरी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर यह बैठक आयोजित की गई है। जिन मतदाताओं के नाम सूची में छूट गए हैं या किसी कारण से कट गए हैं, उनके नाम जुड़वाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय होना होगा।
बीजेपी सांसद राम प्रताप सिंह ने बताया कि बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधानसभा प्रभारियों को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से जो भी निर्देश दिए जाएंगे, कार्यकर्ता उनका पालन करेंगे। पार्टी का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जागरूक करना और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में सहयोग के लिए एक-एक मतदाता के घर जाएंगे। उनका प्रयास होगा कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हों और किसी का नाम छूटने पर उसे जुड़वाने में मदद की जाए।
इस बैठक के जरिए बीजेपी ने SIR को लेकर बूथ और जिला स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने का संकेत दिया है। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण में सहयोग करने की होगी।
Created On :  


