यूपी विधानसभा चुनाव 2027: ओवैसी-आजाद के गठबंधन SPM पर सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों का निशाना, नया राजनीतिक विकल्प या वोट बंटवारे की कोशिश

ओवैसी-आजाद के गठबंधन SPM पर सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों का निशाना, नया राजनीतिक विकल्प या वोट बंटवारे की कोशिश
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने यूपी चुनाव से पहले सियासी हलचल बढ़ा दी है। भाजपा, सपा और कांग्रेस के नेताओं ने गठबंधन पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। चंद्रशेखर ने कई दलों के संपर्क में होने का दावा किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन के बाद भाजपा, सपा और कांग्रेस के नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। किसी ने इसे वोटों के बंटवारे की कोशिश बताया, तो किसी ने नए राजनीतिक विकल्प के रूप में देखा। वहीं, चंद्रशेखर ने दूसरे दलों के नेताओं के संपर्क में होने का दावा किया है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने गठबंधन पर कहा कि संविधान सभी राजनीतिक दलों को चुनाव लड़ने और गठबंधन बनाने का अधिकार देता है। यह संबंधित पार्टियों का व्यक्तिगत फैसला है और कांग्रेस का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी, रोजगार और औद्योगिक निवेश के सवालों का जवाब सरकार को देना चाहिए। सांसद चंद्रशेखर के मुताबिक, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का विकल्प बनेगा। उन्होंने दावा किया कि NDA के कुछ घटक दलों और INDIA ब्लॉक के नेताओं ने भी उनके मोर्चे के साथ चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर संपर्क किया है।

बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने कहा कि चुनाव से पहले अभी कई तरह के गठबंधन और राजनीतिक समीकरण देखने को मिलेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के खिलाफ कई दल गठबंधन कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश में फिर कमल खिलेगा और भाजपा की सरकार बनेगी।

समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने गठबंधन को ज्यादा महत्व नहीं देते हुए कहा कि 2027 में जनता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए सपा की वापसी का दावा किया।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि ओवैसी का गठबंधन भाजपा को फायदा पहुंचाने और विपक्षी वोटों को बांटने के लिए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा से नाराज है और कांग्रेस-सपा गठबंधन सत्ता में आएगा।

Created On :  

Tags

Next Story