विधानसभा चुनाव 2027: पायलट का BJP पर हमला, बोले- चुनाव आयोग दे वोटर लिस्ट पर जवाब, पंजाब में बहुमत हमारा लक्ष्य

पायलट का BJP पर हमला, बोले- चुनाव आयोग दे वोटर लिस्ट पर जवाब, पंजाब में बहुमत हमारा लक्ष्य
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने भाजपा पर विपक्षी दलों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए पंजाब में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य दोहराया। वहीं, सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भाजपा नेता नितिन नबीन को राहुल गांधी के सवालों का जवाब देने की चुनौती दी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर सियासी हमले तेज कर दिए हैं। अमृतसर में कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लिया।

पायलट ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। इनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस ने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है और अब अदालत के फैसले का इंतजार है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और फॉर्म-6 को लेकर अन्य चुनाव आयुक्तों की असहमति भी गंभीर विषय है। इन सवालों पर सरकार के बजाय चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए।

भाजपा पर हमला बोलते हुए पायलट ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और INDIA गठबंधन का प्रदर्शन बेहतर रहा है। उनके मुताबिक, NDA सरकार अपने सहयोगी दलों पर निर्भर है और भाजपा अपनी राजनीतिक स्थिति कमजोर होने के कारण दूसरे दलों को तोड़ने में जुटी है।

उन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के NDA में जाने और दो विधायकों के भाजपा में शामिल होने का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब पार्टी के अपने जनप्रतिनिधियों को ही उस पर भरोसा नहीं है, तो जनता कैसे भरोसा करेगी? पायलट ने पंजाब में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत हासिल करने को लक्ष्य बताया। भाजपा और अकाली दल के संभावित गठबंधन पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

Created On :  

Tags

Next Story