MP News: पार्टी की संवाद शैली से अलग संजय नगाइच का अंदाज, पत्रकारों को थमाए करोड़ों के लीगल नोटिस!

पार्टी की संवाद शैली से अलग संजय नगाइच का अंदाज, पत्रकारों को थमाए करोड़ों के लीगल नोटिस!
भाजपा नेता और मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने प्रदेश कई पत्रकारों, मीडिया संस्थानों एवं कांग्रेस प्रवक्ता को वकील के माध्यम से लीगल नोटिस थमाया हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भाजपा नेता और मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने प्रदेश कई पत्रकारों, मीडिया संस्थानों एवं कांग्रेस प्रवक्ता को वकील के माध्यम से लीगल नोटिस थमाया हैं। नोटिस में प्रकाशित खबरों को तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने और उनकी छवि खराब करने की मंशा से प्रकाशित किए जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही मीडिया संस्थानों से जवाब मांगते हुए एक करोड़ रुपये मानहानि के रूप में देने का दावा भी किया गया है।

दरअसल, पिछले दिनों भाजपा नेता संजय नगाइच की टोल कर्मी के साथ कथित अभद्रता और उसके बाद उनके ही विभाग की फील्ड स्टाफ एसोसिएशन द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों से जुड़ी खबरें प्रदेश के कई पत्रकारों ने अपने-अपने मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित की थीं। इन्हीं खबरों को लेकर अब संजय नगाइच ने कानूनी रास्ता अपनाते हुए प्रदेश के कई मीडिया संस्थानों और पत्रकारों को नोटिस भेजे हैं।

पत्रकारों को नोटिस भेजने की इस कार्रवाई ने राजनीतिक और पत्रकारिता जगत में चर्चाओं को जन्म दिया है। जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों से सवाल पूछना तथा उनके कामकाज से जुड़ी खबरों को सामने लाना पत्रकारिता का अहम दायित्व माना जाता है। ऐसे में खबरों के प्रकाशन के बाद सीधे करोड़ों रुपये की मानहानि का दावा करते हुए नोटिस भेजने की कार्रवाई कई सवाल खड़े कर रही है। हालांकि, लीगल नोटिस अभी संस्थाओं को ऑफिशल रूप से प्राप्त नहीं हुए हैं, सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे।

सरल-सहज अध्यक्ष की पार्टी में जटिल नेता!

मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपने सरल और सहज व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारों से लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक, उनके व्यवहार की चर्चा अक्सर उनकी सहजता के संदर्भ में होती है। पत्रकारों को परिवार का हिस्सा मानने वाला उनका अंदाज पार्टी की संवाद शैली के रूप में भी देखा जाता है। भाजपा के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल और वर्तमान मीडिया प्रभारी बृज गोपाल लोया भी पत्रकारों के साथ संवाद और समन्वय के लिए जाने जाते हैं, लेकिन दूसरी ओर, उनकी ही पार्टी के नेता संजय नगाइच की पत्रकारों के खिलाफ नोटिस भेजने की कार्रवाई पार्टी की संवाद शैली से अलग नजर आती है। आरोपों और खबरों पर सार्वजनिक रूप से तथ्यों के साथ पक्ष रखने के बजाय कानूनी नोटिस का रास्ता अपनाने को लेकर उनके कदम पर सवाल उठ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि क्या संजय नगाइच संगठन की संवाद परंपरा से अलग अपनी कार्यशैली चला रहे हैं?

अब पार्टी के रुख पर निगाहें

पत्रकारों और मीडिया संस्थानों को नोटिस भेजे जाने के बाद अब निगाहें भाजपा संगठन के रुख पर टिकी हैं। क्या पार्टी इस मामले में हस्तक्षेप करेगी? क्या मीडिया संस्थानों को भेजे गए नोटिस के बाद कानूनी लड़ाई आगे बढ़ेगी, या संजय नगाइच पत्रकारों और मीडिया संस्थानों के साथ संवाद कर विवाद को समाप्त करने की पहल करेंगे? इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया और संजय नगाइच का अगला कदम भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Created On :  

Tags

Next Story