MP News: आरोप: पोर्टल पर ओके, 1 साल में प्रदेश में 40 फीसदी पार पहुंचा बच्चों का ठिगनापन

आरोप: पोर्टल पर ओके, 1 साल में प्रदेश में 40 फीसदी पार पहुंचा बच्चों का ठिगनापन
जबलपुर में ठिगनापन 39% से बढ़कर 44% और कम वजन 20% से बढ़कर 25% हुआ

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को प्रदेश के मातृ स्वास्थ्य और बाल कुपोषण पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बच्चों की हालत दिनों-दिन दयनीय होती जा रही है। स्थिति बिगड़ रही है, लेकिन राज्य सरकार बच्चों के पौषण पर ध्यान नहीं दे रही। प्रदेश में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया और बच्चों में कुपोषण गंभीर संकट का रूप ले चुका है, राज्य सरकार जमीनी सुधार करने के बजाय पोर्टल की रेटिंग और कागजी दावों को चमकाने में लगी हुई है। पटवारी ने आरोप लगाया कि एक साल में और हालात ऐसे हो गए कि प्रदेश के बच्चों का ठिगनापन 36.64 फीसदी से बढ़कर 40.72 फीसदी हो गया। कुपोषण कम होने का नाम नहीं ले रहा। पटवारी ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा राज्यसभा में पेश किए गए आंकड़ों (अक्टूबर 2025) का हवाला देकर आरोप लगाया कि अक्टूबर 2025 में मप्र के 36.64 बच्चे उम्र के अनुपात में कम लंबाई, 23.25% बच्चे कम वजन और 8.45% बच्चे दुबलेपन के शिकार थे। नवीनतम पोषण ट्रैकर आंकड़े (अक्टूबर 2026) के अनुसार 1 साल में स्थिति गंभीर हो गई है। अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में ठिगनापन 40.72% और कम वजन की दर 23.30% हो गई है। हालांकि उन्होंने कहा कि दुबलेपन की दर 6.96% दर्ज की गई है। पटवारी ने कहा कि पहले भी राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (NFHS-5, 2019-21) में भी 5 वर्ष से कम उम्र के 35.7% बच्चे ठिगनेपन, 33% कम वजन, 19% दुबलेपन और 6.5% गंभीर दुबलेपन से प्रभावित पाए गए थे। ये आंकड़े धरातल पर कुपोषण को दर्शाते है।

पटवारी ने मांग की है कि प्रदेश में मातृ स्वास्थ्य एवं बाल पोषण की स्वतंत्र जांच कराई जाए। टेक होम राशन वितरण का सोशल ऑडिट भी करवाया जाए। पोषण आहार की खरीदी-वितरण का हिसाब सार्वजनिक किया जाए। पटवारी ने कहा कि महिलाओं में एनीमिया और बच्चों में कुपोषण भविष्य की गंभीर चुनौतियां है। सरकार इसे गंभीरता से लें।

कई जिलों में हालात चिंताजनक

पटवारी ने कहा कि पोषण ट्रैकर रिपोर्ट (मार्च 2024 से मार्च 2025 की तुलना) के अनुसार

- जबलपुर में ठिगनापन 39% से बढ़कर 44% और कम वजन 20% से बढ़कर 25% हो गया।

- शिवपुरी: में बच्चों का ठिगनापन 49% से बढ़कर 55% और कम वजन 26% से बढ़कर 30% हो गया।

- अशोकनगर में बच्चों का ठिगनापन 47% से बढ़कर 51% और कम वजन 28% से बढ़कर 29% हो गया।

- अशोकनगर में पंजीकृत 5,117 से अधिक गर्भवती महिलाओं में से करीब 33% एनीमिया से पीड़ित और 'हाई रिस्क' श्रेणी में हैं।

Created On :  

Tags

Next Story