मध्य प्रदेश न्यूज: सागर में भीषण हादसा, नर्मदा स्नान कर लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवरी क्षेत्र के नीम वाली घाटी पर ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ट्रॉली के नीचे कई लोगों के दबे होने की भी जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़े -विधानसभा विश्रामगृह में वर्दीधारी कपल मिलने के मामले की जांच पूरी, भाजपा विधायक टेकाम के पीए के फोन पर दी गई थी कमरे की चाबी
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 ग्रामीण सवार थे। सभी लोग बरमान में नर्मदा स्नान करने के बाद अपने गांव गढ़ोला गोसाई लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-44 पर गौरझामर थाना क्षेत्र की नीम वाली घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में सवार लोग उसके नीचे दब गए और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास किए गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए देवरी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर रेफर किया जा रहा है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Created On :  


