मौसम अपडेट: MP-UP समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, दिल्ली में छाएगा कोहरा

MP-UP समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, दिल्ली में छाएगा कोहरा
आज यूपी, एमपी, छत्तीसगढ़ समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट है। कई जगह तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, दिल्ली और पूर्वी यूपी में सुबह धुंध छाने की संभावना है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। कहीं बारिश होगी तो कहीं सुबह के समय कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत में बारिश बढ़ने के आसार हैं। वहीं, उत्तर भारत के कई इलाकों में सुबह धुंध देखने को मिल सकती है। 23 नवंबर को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चलेंगी। इनकी रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आने वाले दिनों में कई राज्यों में ठंड भी बढ़ सकती है।

17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने 23 नवंबर को देश के 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम में इस बदलाव की वजह हवा का कम दबाव और एक ट्रफ लाइन है। इसका असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में सुबह दिखेगी हल्की धुंध

आपको बता दें कि, दिल्ली में 23 नवंबर को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है। दिन में हवा करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। शाम को इसकी गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। राजधानी में दिन का सबसे ज्यादा तापमान 24 डिग्री और रात का सबसे कम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में 23 नवंबर को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, पश्चिमी यूपी में मौसम सामान्य रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में सुबह के समय कोहरा भी देखने को मिल सकता है।

Created On :  

Tags

Next Story