India-Pakistan Relation: भारत-पाकिस्तान रिश्तों पर थरूर का दो टूक संदेश, आतंकवाद के रहते बातचीत संभव नहीं

भारत-पाकिस्तान रिश्तों पर थरूर का दो टूक संदेश, आतंकवाद के रहते बातचीत संभव नहीं
पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भारत दौरे पर हैं। उनकी इस यात्रा पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बयान दिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भारत दौरे पर हैं। उनकी इस यात्रा पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बयान दिया है। उन्होंने रविवार को अपने बयान में दोनों देशों के संबंधों को लेकर कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते खराब हैं। इसके बावजूद मल्टीलेटरल फोरम की अपनी एक अलग जगह है। इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि दोनों देशों के बीच बातचीत फिर से तभी शुरू हो सकती है, जब पाकिस्तान अपने आतंकी ढांचे को पूरी तरह समाप्त कर दे।

कब होगी भारत और पाकिस्तान की बात?

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि पाकिस्तान में चल रहे आतंकवादी ढांचे के खिलाफ जब तक कोई कठोर कार्रवाई नहीं होती और इसे खत्म नहीं किया जाता, तब तक भारत किसी भी द्विपक्षीय बातचीत की मेज पर नहीं आएगा।

उन्होंने आगे कहा, "भले ही उन दिनों भी पाकिस्तान के साथ हमारे रिश्ते काफी खराब थे, तो ये ऐसी बातें हैं जिन्हें आपको समझना होगा। मल्टीलेटरल फोरम की अपनी जगह है। जहां तक बाइलेटरल रिश्तों की बात है, हमने यह साफ कर दिया है कि पहले जिस तरह की बाइलेटरल बातचीत होती थी, वह तभी फिर से शुरू हो सकती है, जब पाकिस्तान अपने देश में आतंक के इंफ्रास्ट्रक्चर को खत्म कर दे।"

बातचीत को लेकर क्या कहा?

कांग्रेस सांसद ने कहा, "आप ये टेररिस्ट कैंप, हेडक्वार्टर, ट्रेनिंग ग्राउंड वगैरह नहीं रख सकते, जिनका इस्तेमाल नियमित तौर पर हमारे लोगों पर हिंसा करने के लिए किया जा रहा है और फिर बातचीत की उम्मीद करें। कोई भी अपने सिर पर बंदूक तानकर बात नहीं करना चाहता और हम भी ऐसा नहीं करने वाले हैं।"

पाकिस्तानी मंत्री ने आतंकवाद के मुद्दे पर दी प्रतिक्रिया

दूसरी तरफ, भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री ने आतंकवाद के मुद्दे पर कहा कि इस विषय पर कोई भी बातचीत ठोस सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने आगे बताया कि पूरा इलाका आतंकवाद की चपेट में है। इस वजह से इसका समाधान भी सामूहिक तौर पर निकलना चाहिए। उन्होंने इस मामले में एक ऐसे मंच के गठन की वकालत की, जहां आतंकवाद से जुड़े सबूत सभी के सामने रखे जा सकें।

Created On :  

Tags

Next Story