हिमाचल दीक्षांत समारोह: फैसलों की आलोचना करें, संस्थाओं को निशाना नहीं बनाएं, CJI सूर्यकांत का बड़ा संदेश

डिजिटल डेस्क, शिमला। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत ने संवैधानिक संस्थाओं को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में नागरिकों को संवैधानिक संस्थाओं के फैसलों की आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन उन्हें संस्थाओं को निशाना बनाने से बचना चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि किसी निर्णय पर असहमति जताना और उस फैसले को लेने वाली संस्था पर सवाल खड़े करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
यह भी पढ़े -यूपी चुनाव तक समय काटना चाहती है मोदी सरकार, UGC नियमों पर प्रियंका चतुर्वेदी का भाजपा पर तीखा हमला
CJI ने छात्रों से क्या कहा?
हिमाचल प्रदेश में रविवार को केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह धर्मशाला में हुआ, जिसमें CJI जस्टिस सूर्यकांत शामिल हुए। इस दौरान छात्रों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लोग अक्सर किसी निर्णय और उसे लेने वाली संस्था के बीच का अंतर नहीं समझ पाते हैं। इस वजह से उन संस्थाओं पर लोगों का भरोसा मजबूत नहीं हो पाता, जो लोकतंत्र को चलाने के लिए बेहद जरूरी हैं। यह जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से जारी बयान में दी गई है।
सफलता का मंत्र
दीक्षांत समारोह में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने छात्रों को सफलता का मंत्र भी दिया। उन्होंने हिमालय के पहाड़ों का उदाहरण देते हुए बताया कि मंजिल तक पहुंचने का रास्ता हमेशा सीधा नहीं होता है। इसलिए अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए धैर्य रखना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति अकेले पहाड़ नहीं चढ़ता। उसी प्रकार जीवन में आगे बढ़ने के लिए भी दूसरों का साथ और सहयोग बेहद जरूरी है।
5 किताबें हुईं जारी
यह दीक्षांत समारोह धर्मशाला के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इसमें 702 विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित की गईं। साथ ही 32 छात्रों को गोल्ड मेडल भी दिए गए, जिनमें 23 छात्राएं शामिल थीं। डिग्री प्राप्त करने वालों में 584 पोस्ट ग्रेजुएट, 29 ग्रेजुएट और 48 पीएचडी स्कॉलर शामिल थे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय का न्यूजलेटर और शिक्षकों द्वारा लिखी गई पांच किताबें भी जारी की गईं।
Created On :  

