Bisleri Case: बिसलेरी के पानी के सैंपल पर विवाद, कंपनी ने दी सफाई, कहा- 6 में से 5 नमूने सही मिले

बिसलेरी के पानी के सैंपल पर विवाद, कंपनी ने दी सफाई, कहा- 6 में से 5 नमूने सही मिले
गोवा प्लांट के पानी के नमूनों में गड़बड़ी मिलने पर FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी। कंपनी ने सफाई देते हुए जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाए हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पैकेट में मिलने वाले पानी के ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) को लेकर विवाद बढ़ गया है। गोवा की फैक्ट्री से लिए गए पानी के नमूनों की जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कंपनी के खिलाफ अदालत में मामला चलाने की मंजूरी दी है। अब इस पूरे मामले पर बिसलेरी ने अपनी बात रखी है। कंपनी का कहना है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है। जांच के दौरान लिए गए 6 सैंपल्स में से 5 पूरी तरह सही पाए गए थे। सिर्फ एक नमूने की रिपोर्ट में कुछ गड़बड़ी सामने आई थी।

यह भी पढ़े -भोपाल को मिली अंतरराष्ट्रीय खेलों की सौगात, 1000 करोड़ की लागत से बने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का CM मोहन यादव ने किया लोकार्पण

6 में से 5 नमूने जांच में सही मिले

दरअसल, बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि 30 सितंबर 2025 को FSSAI की टीम गोवा स्थित फैक्ट्री पहुंची थी। वहां से पानी के 6 सैंपल लिए गए थे। कंपनी के मुताबिक, इनमें से 5 नमूने सभी तय नियमों पर सही पाए गए। वहीं, छठे नमूने की पहली जांच में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी। इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। यानी इसकी मात्रा तय स्तर से थोड़ी ज्यादा थी।

दो लैब की रिपोर्ट में अलग-अलग नतीजे आए

कंपनी ने बताया कि नवंबर 2025 में दोबारा जांच की मांग की गई थी। इसके बाद पानी का सैंपल दूसरी लैब में भेजा गया था। वहां ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अंदर मिली लेकिन PAHs नाम के कुछ केमिकल पाए जाने की बात कही गई। दोनों जांच की रिपोर्ट अलग-अलग आने के बाद कंपनी ने एक और जांच कराई। इसके लिए FSSAI से मान्यता प्राप्त दूसरी लैब को उसी बैच का पानी भेजा गया। कंपनी का दावा है कि इस जांच में पानी सभी सुरक्षा नियमों पर सही पाया गया।

FSSAI ने केस चलाने की दी मंजूरी

इस मामले में 22 नवंबर 2026 को FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ अदालत में केस चलाने की मंजूरी दी। यह फैसला दो अलग-अलग लैब की जांच रिपोर्ट में नमूने सही नहीं मिलने के बाद लिया गया। वहीं, कंपनी ने कहा कि लोगों को सुरक्षित पानी देना उसकी पहली जिम्मेदारी है। पानी की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जाती है। बिसलेरी ने यह भी कहा कि वह मामले को सुलझाने के लिए FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी।

Created On :  

Tags

Next Story