राजस्थान पंचायत चुनाव: CM भजनलाल शर्मा के गृह जिले में BJP का सफाया! जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, पंचायत समितियों में निर्दलीयों ने बिगाड़ा खेल

CM भजनलाल शर्मा के गृह जिले में BJP का सफाया! जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, पंचायत समितियों में निर्दलीयों ने बिगाड़ा खेल
राजस्थान पंचायत चुनाव में बीजेपी को बहुत बड़ा झटका लगा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में बीजेपी का जिला परिषद के चुनाव में लगभग सफाया हो गया है।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान पंचायत चुनाव में बीजेपी को बहुत बड़ा झटका लगा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में बीजेपी का जिला परिषद के चुनाव में लगभग सफाया हो गया है। चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने स्पष्ट बढ़त बनाते हुए बीजेपी को पीछे छोड़ दिया है। भरतपुर जिले में जिला परिषद की कुल 31 सीटें हैं। इनमें से कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि बीजेपी 9 सीटों पर सिमट कर रह गई है।

एक सीट किसके खाते में...

भरतपुर जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से 21 सीटों पर कांग्रेस ने बाजी मारी है, जबकि 9 सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। इनके अलावा बची हुई एक सीट पर हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने जीत दर्ज की है।

दरअसल, पिछले जिला परिषद चुनाव में बीजेपी ने 17 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, जबकि कांग्रेस को 14 सीटों पर ही संतुष्ट रहना पड़ा था। लेकिन इस बार तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। इस चुनाव में कांग्रेस ने न सिर्फ अपनी स्थिति मजबूत की है, बल्कि बीजेपी को जिला परिषद में राजनीतिक बढ़त के मामले में भी पीछे छोड़ दिया है।

भरतपुर जिला परिषद के नतीजे

भरतपुर जिले में जिला परिषद की 9 सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार संगीता, राधा, सतीवीर, मिथिलेश, पूजा कुमारी, मीरा देवी, मानसिंह, दिनेश भातरा और रघुवीर सिंह ने चुनाव में जीत हासिल की है। आरएलपी की तरफ से रेनु कुमारी ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस की बात की जाए तो राजेश, अरविंद, चेतन, हरिसिंह, हरबीर सिंह, हीराचंद, सावित्री देवी, अशोक, सपना, प्रमोद, अतर सिंह, रानुवाला, सरोज, हरप्यारी, राजेश, अंजू कुमारी, सुमन गुर्जर, रेखा कुमारी, ओमवती, सावित्री और बोदन सिंह विजयी हुए हैं।

कांग्रेस और बीजेपी का बिगड़ा खेल

जिला परिषद के नतीजों के अलावा पंचायत समिति के परिणाम भी जारी हुए, लेकिन इनमें तस्वीर कुछ अलग ही देखने को मिली है। इस चुनाव में कांग्रेस को कई इलाकों में फायदा मिला है, तो निर्दलीय प्रत्याशी भी पीछे नहीं रहे। बीजेपी के सामने यहां बड़ी मुश्किलें रही हैं।

वैर पंचायत समिति में बीजेपी ने सिर्फ 3, कांग्रेस ने 9 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 6 सीटों पर जीत हासिल की है। सेवर पंचायत समिति में बीजेपी ने 7, कांग्रेस ने 4 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने सबसे ज्यादा 10 सीटों पर कब्जा किया है। नदबई पंचायत समिति में बीजेपी ने 6, कांग्रेस ने 2 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 19 सीटों पर जीत हासिल की है। भुसावर पंचायत समिति की बात करें तो बीजेपी ने सिर्फ 1, कांग्रेस ने 11 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 7 सीटों पर जीत हासिल की है। आखिर में, रूपवास में बीजेपी ने 7, कांग्रेस ने 7 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है।

Created On :  

Tags

Next Story