राजस्थान समाचार: कांग्रेस का आरोप, ‘कमिश्नर गायब, मुख्यमंत्री सो रहे’, NSUI नेशनल सेक्रेटरी रितु बराला की FIR को लेकर कांग्रेस का जयपुर में हल्लाबोल

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने आज दिल्ली में एक प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस कर्मियों द्वारा NSUI की नेशनल सेक्रेटरी रितु बराला पर कथित हमले को लेकर पुलिस कमिश्नरेट पर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने विरोध प्रदर्शन को लेकर कहा राजधानी जयपुर का पुलिस कमिश्नरेट अलग से एक संवैधानिक ताकत रखता है। कमिश्नर गायब है और यहां से सिर्फ ढाई किलोमीटर दूर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जो गृह मंत्री हैं, वो सो रहे हैं। रितु बराला जो राजस्थान विश्वविद्यालय की एक छात्रा है, उसकी जीरो FIR दर्ज करवाने के लिए कांग्रेस यहां पर रात से अधिकारियों का इंतजार कर रही है। मुख्यमंत्री, मंत्री, उनका कोई प्रतिनिधि या पुलिस वाले, कोई बात करने को तैयार नहीं है, जयपुर और राजस्थान किसके भरोसे चल रहा है, किसी को पता नहीं है। संविधान का राज नहीं है।
यह भी पढ़े -जयपुर में जेडीए के बुलडोजर एक्शन से व्यापारियों में आक्रोश, बोले-पट्टा होने के बावजूद तोड़ीं दुकानें
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, "हम धरने पर नहीं बैठे हैं बल्कि इनके आदेश से बैठे हैं। हमारी लीगल टीम, हमारे नेता जीरो FIR करवाने के लिए मोती डूंगरी पुलिस स्टेशन गए थे। वहां हमें बताया गया कि हमें कमिश्नर को एक आवेदन देना होगा। जब हम कमिश्नर से मिलने पहुंचे तो वे वहां नहीं थे। वहां एडिशनल कमिश्नर रामेश्वर सिंह मौजूद थे। हमने उन्हें बताया कि BNSS की धारा 173(1) के तहत एक जीरो FIR दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप 9 नंबर में बैठिए, हम ऊपर बात करके बताएंगे। अब वो अमित शाह से, दिल्ली पुलिस कमिश्नर से, भजनलाल शर्मा से, प्रधानमंत्री मोदी से या शायद भगवान से बात करेंगे, मुझे नहीं पता। अभी तक उन्होंने न तो हमारे फोन का जवाब दिया है और न ही कोई प्रतिक्रिया दी है।
Created On :  
