Rajasthan News: सड़क बना रहे 8 मजदूरों की करंट से मौत, 5 झुलसे, गांव में मचा हड़कंप, झुंझुनूं में बड़ा हादसा

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। उदयपुरवाटी के छापोली गांव में सड़क बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली का करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 5 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज लोगों ने धरना शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, सड़क बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तार से टकरा गई थी। इसके बाद मशीन में करंट फैल गया और पास में काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
मशीन में करंट फैलने से गई 8 मजदूरों की जान
पुलिस के मुताबिक, सड़क बनाने के दौरान बजरी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट आने से वहां काम कर रहे मजदूरों को बिजली का झटका लगा। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 5 मजदूर घायल हो गए। मरने वालों में हालेड़ा मंडावरा के हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) शामिल हैं। वहीं, छापोली गांव के विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की भी जान चली गई।
हादसे के बाद गांव के लोगों ने शुरू किया धरना
इस घटना के बाद पूरे गांव में दुख और गुस्से का माहौल है। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया। लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हादसे की सही तरीके से जांच होनी चाहिए।
यह भी पढ़े -मध्यप्रदेश युवा मोर्चा में जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों की नियुक्ति, BJP ने जारी की सूची
सीएम की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हादसे में मजदूरों की जान जाना बहुत दुखद है। अधिकारियों को घायलों का सही इलाज कराने और प्रभावित परिवारों की तुरंत मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच कराने को भी कहा गया है।
अशोक गहलोत ने जताया दुख
इस घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सड़क बनाने के दौरान इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। इसी के साथ ही, यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि मजदूरों की मौत का जिम्मेदार कौन है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को सही मुआवजा और हर जरूरी मदद देने की मांग की।
Created On :  


