मध्य प्रदेश नीलोफर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, फरार आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

मध्य प्रदेश नीलोफर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, फरार आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के खरगोन के चर्चित नीलोफर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक महीने से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी नईम खान फतेह को खरगोन पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है।

भोपाल, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खरगोन के चर्चित नीलोफर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक महीने से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी नईम खान फतेह को खरगोन पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है।

आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मध्य प्रदेश सहित पांच राज्यों में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने करीब तीन हजार किलोमीटर का सफर तय कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

बताया जा रहा है कि आरोपी की तलाश के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपना हुलिया बदलकर ढाबे पर काम किया, ई-रिक्शा चलाई, पान की दुकान पर काम किया और गैस सिलेंडर वितरण का काम भी किया। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

दरअसल, 16 अगस्त को फरहान शेख ने खरगोन कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बहन नीलोफर की 15 अगस्त को मौत हो गई थी। परिजनों के मुताबिक, नीलोफर के पति ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को दफना दिया था। मृत्यु को लेकर संदेह होने पर परिजनों ने पुलिस से जांच और पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।

पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकलवाकर डॉक्टरों की विशेष टीम से पोस्टमार्टम कराया। मर्ग जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नीलोफर के पति नईम खान फतेह के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। एसडीओपी सौरभ तोमर के मार्गदर्शन में कोतवाली और जैतापुर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित करने के साथ ही नोटिस भी जारी कराया गया।

खरगोन कोतवाली टीआई ने बताया कि आरोपी इंदौर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में तलाश करते हुए आखिरकार जयपुर में उसे गिरफ्तार कर लिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 Oct 2026 7:09 PM IST

Tags

Next Story