4.60 लाख विद्यार्थियों के खातों में पहुंची 148 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति, गौतमबुद्धनगर में भी हुआ कार्यक्रम

4.60 लाख विद्यार्थियों के खातों में पहुंची 148 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति, गौतमबुद्धनगर में भी हुआ कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश में अल्प आय वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ देने के लिए शनिवार को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के करीब 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।

गौतमबुद्धनगर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अल्प आय वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ देने के लिए शनिवार को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के करीब 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।

प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर के पब्लिक इंटर कॉलेज, जहांगीरपुर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में अधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को देखा और सुना। इसी प्रकार जनपद के अन्य स्कूलों और कॉलेजों में भी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है। इससे विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल रहा है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और समयसीमा के संबंध में जानकारी दी। पात्र विद्यार्थियों से समय से आवेदन करने और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया।

जनपद गौतमबुद्धनगर में भी विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की धनराशि हस्तांतरित की गई। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा 9 और 10 के 75 छात्र-छात्राओं को कुल 1,68,000 रुपए तथा कक्षा 11 और 12 के 52 विद्यार्थियों को 1,68,236 रुपए की छात्रवृत्ति दी गई।

वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के कक्षा 9 और 10 के 127 छात्र-छात्राओं को 1,77,800 रुपए की धनराशि उनके बैंक खातों में भेजी गई। इसके अलावा सामान्य वर्ग के कक्षा 9 और 10 के 41 विद्यार्थियों को 1,23,000 रुपए तथा अल्पसंख्यक वर्ग के कक्षा 9 और 10 के 24 छात्र-छात्राओं को 72,000 रुपए की छात्रवृत्ति हस्तांतरित की गई। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि वे छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से संबंधित योजनाओं की जानकारी रखें और पात्र होने पर निर्धारित समय के भीतर आवेदन करें, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े। कार्यक्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, पब्लिक इंटर कॉलेज जहांगीरपुर के प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शासन की छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पात्र छात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 Oct 2026 7:09 PM IST

Tags

Next Story