'नौकरियों का रेट तय करने वाले आज नकल पर ज्ञान दे रहे हैं', अखिलेश के आरोपों पर योगी सरकार के मंत्रियों का तीखा पलटवार
लखनऊ, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए यूपी सरकार के मंत्रियों ने उनके शासनकाल में हुए धांधली का मुद्दा उठाया है। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सपा शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था और सरकारी भर्तियों में धांधली का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा राज में पैसे के बदले नौकरी मिलती थी, जबकि आज योगी सरकार में युवाओं को बिना पैसे और पैरवी के नौकरी मिलती है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जिस समाजवादी पार्टी के शासनकाल में नकल और सरकारी नौकरियों को लेकर सवाल उठते थे, उसके नेता का आज उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी करना प्रदेश की जनता को हास्यास्पद लग रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान परीक्षाओं में सामूहिक नकल होती थी, प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आती थीं और सरकारी नौकरियों में जातिगत पक्षपात के आरोप लगते थे।
उन्होंने कहा कि उस समय सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं और उनके परिवारों को सिफारिश और कथित सौदेबाजी के चक्कर में पड़ना पड़ता था। मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने सपा सरकार का कार्यकाल देखा है और आज की युवा पीढ़ी भी उस दौर की व्यवस्था को समझ रही है। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार में करीब 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उनके मुताबिक, नियुक्तियों में जाति या किसी अन्य आधार पर भेदभाव नहीं किया गया और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी रखा गया।
उन्होंने पुलिस और पीएसी भर्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें बेटियों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है। राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि अखिलेश यादव को भाजपा पर सवाल उठाने से पहले सपा सरकार के अपने कार्यकाल को देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर नकल होती थी। सरकारी नौकरियों में भी सिफारिश और राजनीतिक पहुंच के प्रभाव वालों को नौकरी मिलती थी।
विश्वकर्मा ने कहा कि मौजूदा सरकार ने भर्ती आयोगों की व्यवस्था के जरिए नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है। उनके मुताबिक, आज अभ्यर्थी बिना किसी भय के परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं और नकल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में विकास के साथ विरासत से जुड़े विषयों पर भी काम किया है। उन्होंने आशा बहुओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, पीआरडी जवानों, होमगार्ड और पुलिसकर्मियों समेत विभिन्न वर्गों के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने छात्रवृत्ति और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को भी सरकार की उपलब्धियों से जोड़ा। मंत्रियों ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर भू-माफिया, शिक्षा माफिया और अपराधियों के पोषण का आरोप लगाया। और कहा कि योगी सरकार ने जनता से किए गए अपने सभी वादों को जमीन पर उतारने का काम किया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2026 7:30 PM IST












