Rajasthan News: अलवर में बेपटरी हुई बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन, इंजन के ठीक बाद वाली दूसरी बोगी के पहिए पटरी से उतरे

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के अलवर में ट्रेन का बड़ा हादसा होते होते टल गया, ईदगाह आगरा से बांदीकुई जा रही मेमू ट्रेन के इंजन के बाद वाली दूसरी बोगी के दो पहिए पटरी से उतर गए। अचानक जोरदार आवाज व तेज झटका लगने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ। हालांकिभरतपुर-बांदीकुई रेल मार्ग पर रेल यातायात बाधित हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ रेल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक से जानकारी ली। रेलवे प्रशासन ने तुरंत प्रभावित ट्रेनों को वैकल्पिक रास्तों से चलाने की व्यवस्था की।
यह भी पढ़े -अरावली संरक्षण सुप्रीम कोर्ट की समिति डूंगरपुर और बांसवाड़ा में खनन और वन क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी
ये घटना मंगलवार को खेरली रेलवे स्टेशन के पास हुई। स्टेशन से करीब साढ़े तीन किलोमीटर पहले फाटक संख्या 66 और 67 के बीच ट्रेन की दूसरी बोगी के दो पहिये पटरी से उतर गए। ट्रेन के गार्ड मनोज कुमार यादव ने बताया कि आगरा से सुबह 8:50 बजे ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। सुबह लगभग 11:20 बजे खंभा नंबर 96/8 के सामने बोगी संख्या 228236/C के दो पहिये नीचे उतर गए।
दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी से रेल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलवे लाइन के पास स्थित मोती का नंगला गांव के निवासियों ने इन्सानियत की मिसाल पेश की, और यात्रियों की मदद की। ग्रामीणों ने अपने घर से लाकर यात्रियों को पानी पिलाया। क्षेत्र में नदबई से खेरली के बीच रेलवे लाइन शिफ्टिंग का काम चल रहा है। जिससे ये हादसा हुआ, यात्रियों को ट्रेन बेपटरी होने से परेशानी झेलनी पड़ी।
Created On :   13 Oct 2026 4:37 PM IST












