मौसम अपडेट: दिल्ली-UP से राजस्थान-MP तक बारिश का अलर्ट, 20 से ज्यादा राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून की रफ्तार अब कुछ कम होती दिख रही है। फिर भी देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 15 सितंबर को कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रह सकता है। हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। लोगों को सलाह दी गई है कि बारिश और आंधी के समय घर से बाहर निकलने से बचें। खुले स्थानों पर खड़े न रहें और बिजली चमकने के दौरान खास सावधानी रखें। मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना बताई गई है।
यह भी पढ़े -राजस्थान के 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगरपालिकाओं के आज आएंगे नतीजे, सीएम के वार्ड में बीजेपी उम्मीदवार की हुई जीत
इन राज्यों में बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तराखंड और पंजाब में बारिश हो सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात और महाराष्ट्र में भी तेज बारिश और हवाओं का असर दिख सकता है। कई जगह बिजली गिरने की भी संभावना है।
मध्य प्रदेश में इन जिलों में बारिश
मध्य प्रदेश के सागर, नरसिंहपुर, मंडला, नर्मदापुरम, सिवनी, रतलाम, बैतूल, शहडोल, हरदा, खंडवा, इंदौर, विदिशा, राजगढ़, आगर और देवास में तेज बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। भोपाल में दिन का तापमान करीब 29 डिग्री और रात में 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश
राजस्थान के टोंक, करौली, पाली, दौसा, बाड़मेर, भरतपुर, कोटा, चूरू, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, डूंगरपुर और उदयपुर में भारी बारिश हो सकती है। यहां तेज हवा के झोंके भी चलने की संभावना है। हवा की गति करीब 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Created On :   15 Sept 2026 9:03 AM IST













