Gurugram Hit And Run Case: पीड़िता सिया की प्रतिक्रिया आई सामने, कहा- 'हम बाइक तेज या धीमी कर रहे थे तो आपने पीछा क्यों किया?'

पीड़िता सिया की प्रतिक्रिया आई सामने, कहा- हम बाइक तेज या धीमी कर रहे थे तो आपने पीछा क्यों किया?
गुरुग्राम हिट एंड रन केस में पीड़ित बाइक राइडर सिया ने कहा है कि पूरे वीडियो में साफ देखने को मिल रहा है कि किसको कौन उकसा रहा था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुरुग्राम में बाइक हिट एंड रन मामले को लेकर पीड़ित बाइक सवार सिया ने अपनी बात रखी है। सिया ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी करते हुए बताया है कि हादसे पहले क्या हुआ था और टक्कर के बाद कार चलाने वाले ने क्या किया। सिया ने कहा है कि कार ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद ड्राइवर वहां पर रुका भी नहीं। उन्होंने कहा कि अगर ड्राइवर को चिंता थी ही, तो हादसे के तुरंत बाद उनकी मदद करने के लिए क्यों नहीं आया। सिया ने यह भी कहा है कि सामने आए वीडियो में घटना साफ नजर आ रही है। उनके पिता ने भई पुलिस में शिकायत देने और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सिया ने क्या कहा?

सिया ने कहा है कि वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कौन किसके पीछे जा रहा था। उनका कहना है कि अगर कार चालक को बाइक की रफ्तार से परेशानी थी, तो उसने बाइक का पीछा क्यों किया। सिया ने उस बात को भी गलत बताया है कि जिसमें कहा गया था कि कार चलाने वाले को पता नहीं था कि बाइक एक लड़की चला रही थी। सिया ने कहा है कि उनके लंबे बाल थे और बालों की चोटी बनी हुई थी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि ड्राइवर ने उनको बाइक रोकने के लिए भी कहा था।

दूसरी लेन में मारी टक्कर

सिया का कहना है कि घटना के दो वीडियो सामने आए हैं, जिसमें दोनें से पूरी बात समझ आ सकती है। एक वीडियो में कार को दूसरी लेन से उनकी बाइक की तरफ आते देखा जा सकता है। उन्होंने बताया है कि कार की टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गईं और उन्होंने यह भी कहा है कि ड्राइवर को रुककर यह देखना चाहिए था कि उनको कितनी चोट आई है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी भी देरी से उनकी चोट ज्यादा गंभीर हो सकती थी, उनकी हड्डी टूट सकती थी या उनकी जान भी जा सकती थी।

पिता ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की

सिया के पिता रोशन चौहान ने बताया कि पुलिस में लिखित शिकायत दी गई है और मामले में केस दर्ज हो चुका है। उन्होंने कहा कि पुलिस दिल्ली आकर सिया का बयान लेगी। रोशन चौहान ने कहा कि घटना को देखते हुए मामले में कड़ी धाराएं लगनी चाहिए। उनका आरोप है कि कार चालक ने जानबूझकर बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद वहां से चला गया। उन्होंने बताया कि सिया कॉलेज के समय से बाइक चला रही हैं।

Created On :   15 Sept 2026 9:37 AM IST

Tags

Next Story