SCO Summit: युद्ध और अशांति के बीच PM मोदी का शांति मंत्र, बोले- सांस्कृतिक जुड़ाव ही सबसे बड़ी गारंटी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यता संवाद को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा हो रही है, ऐसे समय में भारत में सभ्यताओं और संस्कृतियों के बीच जुड़ाव पर बातचीत हो रही है। वैश्विक शांति बनाए रखने के लिए सांस्कृतिक जुड़ाव सबसे मजबूत आधार है। इसलिए इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ जाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन ने कुछ महीने पहले ही अपनी स्थापना के 25 साल पूरे किए हैं। इन वर्षों में संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और आपसी संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा दिया है। अब सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग से सदस्य देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मंच से नए विचार सामने आएंगे और सांस्कृतिक सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
यह भी पढ़े -नौकरी-सैलरी पर पीएम मोदी के बयान से गरमाई सियासत, राहुल का पलटवार- 'ये आरोप नहीं, आपका कबूलनामा है'
दिल्ली के पुराने किले का महाभारत काल से जुड़ा है इतिहास
प्रधानमंत्री ने दिल्ली के पुराने किले का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। विद्वानों के अनुसार, इसका इतिहास हजारों साल पुराना और महाभारत काल से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थान पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, वेद मंत्रों के पाठ, बौद्ध दर्शन की प्रस्तुतियों और हनुमान जी की यात्रा के जरिए भारत की संस्कृति की झलक देखने को मिली। इन आयोजनों ने मानवता, प्रेम और एकता का संदेश भी दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की प्राचीन शिक्षाएं और विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। ये राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर अलग-अलग देशों और समाजों को एक-दूसरे से जोड़ते हैं। यही इस सम्मेलन का उद्देश्य भी है और वर्तमान समय की जरूरत भी।
5 हजार साल पहले सिंधु घाटी और मेसोपोटामिया के बीच थे व्यापारिक संबंध
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और लोगों के बीच आपसी संपर्क की बात होती है, लेकिन इसकी परंपरा हजारों साल पुरानी है। करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे। बाद में दूसरे व्यापारिक रास्तों के जरिए यह संपर्क और बढ़ा।
उन्होंने बताया कि भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के कई क्षेत्र इन प्राचीन व्यापारिक मार्गों से जुड़े थे। इन रास्तों से केवल व्यापारी ही नहीं, बल्कि विद्वान और बौद्ध भिक्षु भी एक-दूसरे के देशों तक पहुंचते थे। इससे विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ।
गांधार और मध्य एशिया के रास्ते बौद्ध धर्म से जुड़े ग्रंथों और विचारों का प्रसार चीन तक हुआ। कूंचा और दुनहुआंग जैसे स्थान इस आदान-प्रदान के प्रमुख केंद्र बने। वहीं, चीन से फाह्यान, हुएन सांग और इशिंग जैसे विद्वान भारत आए। उन्होंने यहां की ज्ञान परंपराओं को समझा और अपने देश में उनका प्रचार किया। नालंदा विश्वविद्यालय भी ज्ञान के आदान-प्रदान का बड़ा केंद्र रहा।
'साम्राज्यों ने नक्शे बदले, सभ्यताओं के संवाद ने दुनिया के विचार बदले'
पीएम मोदी ने कहा कि मध्य एशिया के कूंचा में जन्मे कुमारजीव जैसे विद्वानों ने बौद्ध ग्रंथों का चीनी भाषा में अनुवाद किया। इस तरह अलग-अलग सभ्यताओं के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान होता रहा।
उन्होंने कहा कि साम्राज्यों ने भले ही दुनिया के नक्शे बदले हों, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध बनाया है। इसलिए SCO का यह सभ्यता संवाद केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि दुनिया को नई दिशा देने वाला मंच बन सकता है।
प्रधानमंत्री ने भारत के पंचतंत्र और रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि जब ज्ञान एक देश से दूसरे देश तक पहुंचता है, तो उसे प्रस्तुत करने का तरीका बदल सकता है, लेकिन उसका मूल संदेश और प्रभाव बना रहता है।
उन्होंने बताया कि पंचतंत्र की कहानियां फारसी और अरबी भाषाओं तक पहुंचीं। बाद में 'कलिला वा दिमना' के नाम से इन कहानियों ने नया रूप लिया और कई पीढ़ियों तक लोकप्रिय रहीं। इसी तरह रामायण जब दक्षिण-पूर्व एशिया पहुंची, तो वहां की संस्कृति पर भी इसका प्रभाव पड़ा। कंबोडिया में 'रिमकेयर' के रूप में रामकथा वहां के साहित्य और कला का हिस्सा बनी।
यह भी पढ़े -बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर बवाल, शाइना एनसी के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) का प्रदर्शन, हिरासत में उद्धव गुट के कई कार्यकर्ता
तकनीक से आसान हुआ देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और दुनिया के दूसरे देशों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान विज्ञान, गणित, वास्तुकला और संगीत जैसे क्षेत्रों में भी हुआ है। भारत के महान गणितज्ञ ब्रह्मगुप्त के विचार बगदाद तक पहुंचे। वहां अल-ख्वारिज्मी जैसे विद्वानों ने गणित के ज्ञान को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी की तकनीक ने सांस्कृतिक जुड़ाव के नए रास्ते खोल दिए हैं। पहले जिन देशों तक पहुंचने में महीनों लगते थे, आज वहां के लोगों से कुछ ही सेकंड में संपर्क किया जा सकता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के कारण ज्ञान साझा करना और अलग-अलग संस्कृतियों को समझना पहले से आसान हो गया है। प्रधानमंत्री ने SCO के सदस्य देशों से अपील की कि वे तकनीक के इन अवसरों का पूरा इस्तेमाल करें और आपसी सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत बनाएं।
Created On :  

