विधानसभा चुनाव 2027: यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सियासी घमासान, भाजपा ने साधा निशाना तो प्रियंका चतुर्वेदी ने दी नसीहत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे की चर्चा तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चल रही बातचीत पर भाजपा ने निशाना साधा है। वहीं, विपक्षी INDIA गठबंधन के भीतर भी सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों की नसीहत सामने आने लगी है।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा-कांग्रेस और ओवैसी के संभावित गठबंधन को लेकर कहा कि कोई भी गठबंधन सफल नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा भारी बहुमत के साथ तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी।
पाठक ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए रामभक्तों पर गोली चलवाने, प्रदेश में अपराध और माफिया संस्कृति को बढ़ावा देने, भ्रष्टाचार तथा जातिगत विभाजन के लिए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने सपा पर मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
दूसरी तरफ, दिल्ली में शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस को सपा के साथ सीट बंटवारे में सहयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी विपक्ष की मजबूत ताकत है और INDIA गठबंधन के सभी सहयोगियों को उसका समर्थन करना चाहिए। भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए गठबंधन का एकजुट रहना जरूरी है।
यह भी पढ़े -इंडिया गठबंधन के साथ सीट शेयरिंग पर सपा तैयारी! अखिलेश यादव ने 4 नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस को सपा के उस फॉर्मूले के साथ आगे बढ़ना चाहिए, जिसे वह सबसे प्रभावी मानती है। सीटों का बंटवारा जीतने की संभावना और पिछले चुनावों के प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बनना दुर्भाग्यपूर्ण होगा। उन्होंने महाराष्ट्र और बिहार के चुनावी अनुभवों का हवाला देते हुए गठबंधन में जिद से बचने की नसीहत दी। इस तरह यूपी चुनाव से पहले सीट बंटवारा भाजपा के हमलों और विपक्षी गठबंधन के भीतर रणनीतिक चर्चा का प्रमुख मुद्दा बन गया है।
Created On :  


