VIDHANSABHA CHUNAV 2027: यूपी चुनाव से पहले सियासी घमासान तेज, राजभर का दावा- भाजपा के संपर्क में सपा के कई नेता, शिवपाल ने केशव मौर्य पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी में संभावित टूट और सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधा है। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि सपा के कई नेता दोबारा टिकट पाने और चुनाव जीतने के लिए भाजपा के संपर्क में हैं। वहीं, सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर पलटवार किया है।
यह भी पढ़े -विकसित गुजरात 2047 के लिए गति, गुणवत्ता और गौरव पर जोर, सीएम भूपेंद्र पटेल ने चिंतन शिविर का किया शुभारंभ
राज्य सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शिवपाल यादव के 45 विधायकों के सपा छोड़ने की योजना संबंधी दावे पर कहा कि सपा के कई नेता दोबारा विधायक बनने और भाजपा से टिकट पाने की कोशिश में दिल्ली से लेकर प्रदेश तक संपर्क साध रहे हैं। राजभर ने आगे कहा कि चुनाव नजदीक आने पर दल-बदल की राजनीति तेज होती है। राजभर ने दावा किया कि पिछली बार भी उन्होंने ऐसी बात कही थी, जिसे शुरुआत में गंभीरता से नहीं लिया गया, लोग मानने को तैयार नहीं थे लेकिन बाद में घटनाक्रम सामने आए और सब होता गया।
यह भी पढ़े -मेरठ से जुड़ा कश्मीर एयरबेस हमले का नेटवर्क, पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था संदिग्ध उजैद
वहीं, सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर सवाल उठाए। भूपेंद्र ने कहा कि सपा को कांग्रेस की राजनीतिक हैसियत का पता है। यह गठबंधन वैचारिक नहीं, बल्कि सत्ता हासिल करने का हथकंडा है। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भी दावा किया कि 2027 में सपा-कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में दाल नहीं गलने वाली और भाजपा की जीत होगी।
दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सपा-कांग्रेस को हराने संबंधी बयान पर शिवपाल सिंह यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य अपनी सीट से ही चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं, ऐसे में वे किसी को क्या हराएंगे? शिवपाल ने उनके चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे किसी को हराने की स्थिति में नहीं हैं। इस तरह 2027 के चुनाव से पहले दल-बदल की अटकलों, गठबंधन की राजनीति और नेताओं के बीच जुबानी हमलों ने प्रदेश का सियासी माहौल गर्म कर दिया है।
Created On :  

