Kashmir Terror Attack Connection: मेरठ से जुड़ा कश्मीर एयरबेस हमले का नेटवर्क, पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था संदिग्ध उजैद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की साजिश का कनेक्शन मेरठ से जुड़ने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। यूपी एटीएस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मेरठ से उजैद नाम के एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उजैद पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी और जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
यह भी पढ़े -पहले हत्या फिर पति की लाश पर फेंका जहरीला सांप, बेरहम पत्नी और बॉयफ्रेंड को अब मिली फांसी की सजा
उजैद मेरठ के कोतवाली क्षेत्र स्थित बनियापाड़ा का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के बाद घर पर ताला मिला। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य भी घर छोड़कर चले गए हैं। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस उजैद की तलाश में मेरठ आई थी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद से वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।वहीं, पड़ोसियों ने उजैद और उसके परिवार को सामान्य और सज्जन बताया है। उनका कहना है कि मोहल्ले में परिवार की किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं थी।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि उजैद पिछले कुछ महीनों से मोहम्मद साजिद के संपर्क में था। दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस करीब दस महीने से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद कश्मीर पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। अब एजेंसियां दोनों के बीच हुई बातचीत और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं।
जांच अधिकारियों का मुख्य फोकस इस बात पर है कि उजैद सीधे पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में था या उसे किसी बिचौलिए के जरिए निर्देश मिल रहे थे। इसके अलावा फरारी के दौरान उसे किसने पनाह दी और पहचान छिपाने में किन लोगों ने मदद की, इसकी भी जांच की जा रही है। एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका खंगाल रही हैं।
Created On :  


