BJP-Akali Dal Alliance: 1967-2020 तक 'नाखून-मांस' की तरह रही BJP-SAD, जनसंघ के जमाने से एकसाथ, फिर क्यों टूटा था गठबंधन, अब साथ आने से जीत का कितना चांस?

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर से गठबंधन हो गया है। यह गठबंधन 6 साल पहले यानी साल 2020 में कृषि कानूनों के चलते टूट गया था। दोनों पार्टियों का अलग होना और फिर से साथ आना यह महसूस कराता है कि दोनों ही एक-दूसरे के बिना अधूरी हैं। हालांकि, अकाली दल और बीजेपी के पुराने रिश्तों की बात की जाए, तो इन्हें 'नाखून-मांस' की तरह बताया जाता था। यह बात किसी राजनीतिक जानकार ने नहीं कही थी, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कही थी।
यह भी पढ़े -अकाली दल से होगा पंजाब का अगला सीएम, अमित शाह ने किया ऐलान, 6 साल बाद एक साथ आए BJP-अकाली दल, पंजाब को नशामुक्त बनाने एजेंडा तय
दोनों दल अलग-अलग क्षेत्रों में मजबूत
बताया जाता है कि ये दोनों राजनीतिक दल सिर्फ चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं रहते थे, बल्कि प्रदेश की सियासत में सत्ता का एक ऐसा समीकरण बना था कि अकाली दल ग्रामीण और सिख मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ के दम पर बड़ी भूमिका अदा करता था, तो वहीं बीजेपी शहरी हिंदू मतदाताओं के बीच मजबूत थी। दोनों दलों ने चुनावी साझेदारी करीब 24 साल तक निभाई। इस दौरान तीन बार पंजाब में सरकार बनाई। इसके साथ ही केंद्र में भी एक-दूसरे के राजनीतिक सहयोगी बने रहे थे।
BJP-अकाली दल गठबंधन की नींव
उस दौरान इस गठबंधन की खास बात यह रही थी कि दोनों दल अपनी अलग विचारधारा, संगठन और चुनावी रणनीतियों के बावजूद सत्ता और चुनावी रणनीति पर एक साथ काम करते थे। इस गठबंधन की नींव 1996 में पड़ी और पहली बार 1997 में विधानसभा चुनाव लड़कर सरकार बनाई। इतनी मजबूती के बाद भी साल 2020 में दोनों दलों ने अलग-अलग रास्ता अपना लिया। इसका असर आगामी चुनाव में भी देखने को मिला।
जनसंघ के दौरान बढ़ी थी नजदीकी
अकाली दल और बीजेपी के संबंध सिर्फ 1996 से जोड़कर नहीं देखे जा सकते हैं, बल्कि बीजेपी की पूर्ववर्ती पार्टी भारतीय जनसंघ के साथ भी अकाली दल के संबंध 1967 में शुरू हो गए थे। पंजाब के पुनर्गठन के बाद हुए चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इसके बाद अकाली दल के नेतृत्व में गैर-कांग्रेसी दलों ने मिलकर सरकार चलाई थी, इसमें जनसंघ भी शामिल था। इसके साथ ही साल 1969 में भी अकाली दल और जनसंघ ने प्रदेश में सरकार बनाई थी। हालांकि, इस दौरान चुनाव से पहले गठबंधन नहीं हुआ करता था, बल्कि चुनाव के बाद सत्ता के समीकरण बनते थे। इस दौरान दोनों दलों के बीच भाषा, धर्म और राजनीतिक विचारधारा को लेकर भी मतभेद सामने आते रहते थे।
1997 में सीटों का बंटवारा
इन सबके बाद साल 1997 में विधानसभा चुनाव होने थे। इससे पहले दोनों दलों ने सीटों पर समझौता किया। पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों में से अकाली दल ने 94 और बीजेपी ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ा। यह निर्णय राजनीतिक प्रभाव को ध्यान में रखकर लिया गया था। इस चुनाव में अकाली दल को 75 और बीजेपी को 18 सीटों पर जीत मिली। इसके चलते प्रकाश सिंह बादल को मुख्यमंत्री बनाया गया।
2002 में नहीं बनी सरकार
अगले पांच साल बाद यानी साल 2002 में इस गठबंधन ने सिर्फ 44 सीटों पर जीत हासिल की। इनमें अकाली दल की 41 और बीजेपी की 3 सीटें शामिल थीं। इसी दौरान प्रदेश में कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार का गठन किया। कांग्रेस की सरकार के दौरान दोनों दलों ने अपने गठबंधन को नए सिरे से धार देना शुरू किया और इसे मजबूत बनाया। इसी के आधार पर जुलाई 2006 में अकाली दल और बीजेपी ने विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए राज्यस्तरीय समन्वय समिति भी बनाई थी।
इस दौरान खास बात यह थी कि दोनों दल अलग-अलग चुनावी घोषणा पत्र जारी करेंगे, लेकिन सरकार बनने पर साझा न्यूनतम कार्यक्रम के तहत काम करेंगे।
लगातार हार का करना पड़ा सामना
इतनी कोशिशों के बाद भी बीजेपी और अकाली दल गठबंधन को साल 2007 और 2012 में भी हार का सामना करना पड़ा। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, साल 2020 में केंद्र सरकार कृषि कानून लेकर आई थी। इसके चलते दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था। इसके बाद अकाली दल ने 2022 के चुनाव में मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से गठबंधन किया, लेकिन इस दौरान भी हार का ही सामना करना पड़ा। अब साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले एक बार फिर बीजेपी और अकाली दल साथ आ गए हैं। इसका ऐलान भी हो चुका है।
अब जीतने की गारंटी?
अकाली दल और बीजेपी के बीच में साल 1996 में पहली बार गठबंधन हुआ था। इसके बाद से सिर्फ एक ही बार गठबंधन की सरकार बन सकी है। 2002 में मिली हार के बाद लगातार सरकार में वापसी नहीं हो सकी। प्रदेश में 2002 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया। लेकिन 2022 के चुनाव में कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया और आम आदमी पार्टी की सरकार है। पांच साल सत्ता से दूर होने के बाद कांग्रेस भी पंजाब में कमजोर हो सकती है। आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर ही बुरे दौर से गुजर रही है। ऐसे में पार्टी दोबारा जीत कर सत्ता हासिल कर सके ये थोड़ा मुश्किल नजर आता है। इसलिए ये उम्मीद जताई जा सकती है कि इस बार अकाली दल और बीजेपी का ये गठबंधन सत्ता का रास्ता तय कर सकता है।
Created On :  


