पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: भगवंत मान का भाजपा-अकाली गठबंधन पर हमला, बोले- जनता को बेवकूफ बना रहे दोनों दल

भगवंत मान का भाजपा-अकाली गठबंधन पर हमला, बोले- जनता को बेवकूफ बना रहे दोनों दल
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन पर निशाना साधते हुए दोनों दलों पर राजनीतिक अवसरवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कृषि कानूनों, किसान आंदोलन और सिख संस्थाओं को लेकर सुखबीर बादल के पुराने बयानों की याद दिलाई।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों दलों पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा और अकाली दल जनता को गुमराह करने के लिए अलग होने और फिर साथ आने का राजनीतिक नाटक करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता कुछ नहीं भूलती और उसे दोनों दलों का पुराना रुख याद है।

सीएम मान ने कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि शुरुआत में बादल परिवार इन कानूनों के समर्थन में था और इन्हें पंजाब की खेती के लिए फायदेमंद बता रहा था। लेकिन जब किसान आंदोलन तेज हुआ और उसे देश-दुनिया से समर्थन मिलने लगा, तब अकाली दल को राजनीतिक नुकसान का एहसास हुआ। इसके बाद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और कृषि कानूनों का विरोध शुरू कर दिया।

मान ने आरोप लगाया कि दोनों दलों के बीच संपर्क बना हुआ था और अलग होने का फैसला केवल जनता को दिखाने के लिए था। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ रहते हुए पंजाब के हितों को नुकसान पहुंचाने वाले मुद्दों पर अकाली दल ने अब अपना रुख बदल लिया है।

सीएम मान ने पंजाब की झांकी को गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस की परेड में शामिल कराने, भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) और नंगल डैम से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब के अधिकारों के लिए केंद्र से संघर्ष किया है।

सुखबीर बादल के पुराने बयानों का हवाला देते हुए मान ने आरोप लगाया कि अकाली दल पहले भाजपा और आरएसएस पर सिख संस्थाओं पर कब्जे की कोशिश करने का आरोप लगाता था, लेकिन अब उसी पार्टी के साथ गठबंधन कर रहा है। अंत में मान ने आम आदमी पार्टी को पंजाब की जनता की अपनी पार्टी बताते हुए कहा कि राज्य के हितों की लड़ाई में जहां भी उन्हें बुलाया जाएगा, वे वहां पहुंचकर आवाज उठाएंगे।


Created On :  

Tags

Next Story