UP News: 'सम्मान देकर और बड़ा अपमान कर दिया', ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने पर अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में पुलिस की बड़ी चूक का मामला गरमाया हुआ है। सहारनपुर के सर्किट हाउस में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया गया था। इस मामले पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी सामने आई है। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर तंज कसा है।
यह भी पढ़े -यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर मंथन तेज, 26 सीटों का ऑफर, कांग्रेस ने इतनी सीटों की मांग की!
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
इस मामले का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव का कहना है, "सुना है सहारनपुर में किसी को गलती से सम्मान दे दिया गया है। इसका मतलब बीजेपी सरकार ये कह रही है कि हम सोच-समझकर इनको कभी सम्मान नहीं देते, जो हुआ भूल से हुआ। ये कहना तो सम्मान देने के बाद और भी बड़ा अपमान है।"
उनका आगे कहना है, "दरअसल बीजेपी सरकार से गलती ये हुई कि जो संबंध दबा-छिपा था, उसका भंडाफोड़ हो गया है। या फिर ये भी हो सकता है कि इनको सम्मान देकर, अप्रत्यक्ष रूप से किसी और का अपमान किया जा रहा हो। बात कोई भी हो, लेकिन ये अच्छा नहीं हुआ। दिक्कत ये है कि बीजेपी सरकार अपने द्वारा दिया गया सम्मान कैसे वापस ले। लगता है, कपड़ों से पहचान लेने का दावा करने वालों से इस बार बहुत भारी भूल हो गई है।"
सुरक्षा व्यवस्था पर साधा निशाना
सपा प्रमुख का कहना है, "दरअसल ये पहचान की गलती नहीं है, चरखी से संबंध की डोरी खुल जाने की गलती है और ये गलती उस विभाग से हुई है, जिससे खुफिया जानकारी भी रखने की उम्मीद की जाती है। जो कुछ आंख के सामने है, अगर उसमें ही इनसे इतनी भारी भूल हो रही है, तो दबी-छुपी बातों में इनकी हालत कितनी खराब होगी, कहने की जरूरत नहीं है।"
यह भी पढ़े -यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच माथापच्ची, जीत के लक्ष्य और सहमति से होगा सीटों का बंटवारा
उनका आगे कहना है, "इसमें तो विपक्ष की भी कोई भूमिका नहीं है कि सरकार तुरंत भ्रामक बयान देकर, बड़ी-बड़ी संगीन धाराओं में 4-5 को निरुद्ध और गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाए। सच तो ये है कि बीजेपी सरकार ने पुलिस को झूठे मुकदमे, फर्जी एनकाउंटर, हिरासत में हत्या करने, चुनावी घपलों व वसूली करने के लिए मजबूर करके पुलिस विभाग को बुरी तरह भ्रष्ट और नाकाम बना दिया है।"
सरकार और पुलिस को लेकर की टिप्पणी
अखिलेश यादव का कहना है, "जनता के सामने ये सवाल है कि नाकाम पुलिस के खिलाफ वो एफआईआर लिखाएं भी तो कहां? यूपी की सरकार और पुलिस विभाग ने तो चुनाव लड़ने से पहले ही इनकी जमानत जब्त कर दी है और बोलती बंद कर दी है। इस ‘सम्मान रूपी अपमान’ के प्रकरण के बाद हैदराबाद तक में बीजेपी के खिलाफ बहुत आक्रोश फैल गया है।"
वह आगे कहते हैं, "इस बहाने से बीजेपी इनकी ये भी बेइज्जती कर रही है कि आपको कोई पहचानता ही नहीं है। सुना है पीछे बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है, 'हम थे जिनके सहारे, वो हुए न हमारे।' यूपी पुलिस कह रही है कि इस हास्यास्पद घटना से संबंधित सोशल मीडिया सामग्री इसलिए हटा दी जाए, ताकि यूपी पुलिस की छवि खराब न हो। ऐसे में जनता पूछ रही है कि ‘छवि’ बची ही कहां है, जो खराब होगी।"
Created On :  

