पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: अकाली दल-बीजेपी के गठबंधन पर PM मोदी की प्रतिक्रिया, बोले- पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव हुआ है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने पुराने मतभेद भुलाकर साथ आने का फैसला किया है। दोनों पार्टियां अब आने वाला विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। इस फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब और यहां के लोगों का भला करना सबसे जरूरी है। पीएम ने इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को भी याद किया। दोनों दलों के बीच काफी समय से दूरी बनी हुई थी।
PM मोदी ने गठबंधन पर क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अकाली दल का NDA में वापस आना खुशी की बात है। यह फैसला गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर हुआ है। पीएम ने यह भी कहा है कि दोनों पार्टियों का रिश्ता पुराना है। उनका मानना है कि यह साथ पंजाब को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। इससे राज्य में ऐसा काम होगा, जिससे आम लोगों को फायदा मिले।
अटल-आडवाणी और बादल को किया याद
नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल का नाम लिया है। उन्होंने कहा है कि इन नेताओं ने मिलकर BJP और अकाली दल के रिश्ते को मजबूत बनाया था। पीएम ने भरोसा जताया कि दोनों पार्टियों का साथ एक बार फिर सफल होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पसंद बनेगा।
117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे दोनों दल
आपको बता दें कि, BJP और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को दिल्ली में साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। दोनों पार्टियों ने इसे राष्ट्रीय और भावनात्मक रिश्ता बताया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री का पद अकाली दल के पास रहेगा। इस समझौते के साथ दोनों पार्टियों के बीच लंबे समय से चली आ रही दूरी भी खत्म हो गई है।
Created On :  



