विधानसभा चुनाव 2027: यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर मंथन, सीटों को लेकर दोनों दलों की ओर से प्रस्ताव पर प्रस्ताव, किस फार्मूले पर बनेगी सहमति?

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है। दोनों दलों के नेताओं के बीच लगातार दूसरे दिन बैठक हुई। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, कांग्रेस सम्मानजनक सीटों पर समझौते की बात कर रही है। दोनों दलों के नेताओं ने भाजपा को हराने के लिए गठबंधन बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी जताई है।
यह भी पढ़े -यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर खींचतान, कांग्रेस ने अखिलेश यादव को सौंपी 100 से ज्यादा सीटों की लिस्ट
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने बातचीत को लेकर कहा, "बैठक में जो कहना था, वो कल कहा था। मैंने कांग्रेस को अपनी 26 सीटें भी दे दी हैं और फिर आज बात करने जा रहे हैं।" सपा सांसद राजीव राय ने बताया कि कांग्रेस ने अपनी सूची दी थी, जिसे सपा ने स्वीकार कर लिया है। इसके बाद सपा ने भी अपना प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने कहा कि सभी सीटों पर चर्चा होगी। दोनों दलों का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा को हराना है। वहीं, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि बैठक सीट बंटवारे के लिए ही हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दलों के बीच कोई विवाद नहीं है और वे भरोसे के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
यह भी पढ़े -यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सियासी घमासान, भाजपा ने साधा निशाना तो प्रियंका चतुर्वेदी ने दी नसीहत
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि दोनों दलों के बीच सम्मानजनक समझौता हो। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीट बंटवारे को लेकर कहा कि मांगने और सहयोग करने में फर्क होता है। गठबंधन में मांगने की नहीं, बल्कि आपसी सहयोग की भावना होनी चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भी बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार हैं और जल्द ही फैसले की जानकारी सामने आएगी। उनके मुताबिक, गठबंधन में एकता मजबूत है और भाजपा के खिलाफ दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल सीटों की संख्या पर अंतिम सहमति नहीं बनी है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि कांग्रेस 26 सीटों के प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाती है और दोनों दल किस फार्मूले पर सहमत होते हैं।
Created On :  

