Kulgam Terror Attack: फुटपाथ पर बैठे थे जवान, तभी बरसने लगीं गोलियां, CCTV में कैद हुआ कुलगाम हमले का मंजर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। करीब पांच मिनट के इस वीडियो में अचानक हुई फायरिंग, गोलियों से बचने के लिए जवानों की भागदौड़ और घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी साफ नजर आ रही है। हमले के दौरान एक घायल जवान की आवाज भी रिकॉर्ड हुई है, जो मदद के लिए चिल्लाता सुनाई दे रहा है, 'हमें गोली लगी है, जल्दी आओ।'
कुलगाम आतंकी हमले का सामने आया वीडियो
वीडियो के मुताबिक, घटना मीर बाजार इलाके की है। यहां कुछ CRPF जवान बंद दुकानों के बाहर फुटपाथ पर बैठे हुए थे। दोपहर करीब 2:06 बजे अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां जवानों के पास जमीन पर लगीं, जिससे धूल का गुबार उठता दिखाई दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए एक जवान तुरंत वहां से सुरक्षित जगह की ओर भागा। कुछ देर बाद वह अपना हथियार लेकर वापस लौटा और फायरिंग की दिशा का पता लगाने की कोशिश करने लगा।
फुटेज में करीब पांच मिनट तक लगातार गोलियों की आवाजें सुनाई देती हैं। इस दौरान जवान एक-दूसरे को सतर्क करते और सुरक्षित रहने के लिए कहते नजर आते हैं। करीब 2:07 बजे एक अन्य जवान फुल कॉम्बैट गियर में दुकानों की छत पर चढ़ता दिखाई देता है। इसी बीच कैमरे के दायरे से बाहर मौजूद एक घायल जवान मदद के लिए आवाज लगाता है। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इनमें कितनी गोलियां आतंकियों ने चलाईं और कितनी जवाबी कार्रवाई के दौरान चलीं।
एक जवान की हालत नाजुक, तीन घायल
इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद सभी को तत्काल अनंतनाग के अस्पताल ले जाया गया, जो घटनास्थल से करीब 22 किलोमीटर दूर है। घायलों में एक जवान के पेट में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, दो अन्य जवानों के हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। हमलावरों का पता लगाने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच एजेंसियां आसपास की दुकानों और इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही हैं।
Created On :  
