UP News: भाई दूज मनाने जा रहा था परिवार, गंगा एक्सप्रेसवे पर उजड़ गया पूरा घर, पति-पत्नी सहित 4 की दर्दनाक मौत

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, चार लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ है। कार किलोमीटर नंबर 317 के पास अचानक बेकाबू हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मोनिका और दोनों बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नोएडा से प्रयागराज लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि, सौरभ उपाध्याय प्रयागराज के रहने वाले थे और नोएडा में नौकरी करते थे। वह बार्कलेज कंपनी में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम कर रहे थे। हादसे के समय उनके साथ पत्नी मोनिका और दो बेटे भी थे। बड़े बेटे व्योम की उम्र 7 साल थी, जबकि छोटे बेटे शिवओम की उम्र करीब डेढ़ साल बताई गई है। परिवार त्योहार मनाने के लिए घर जा रहा था। लेकिन रास्ते में कार का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़े -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी धनतेरस की बधाई, भगवान धन्वंतरि से की प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना
माता-पिता का इकलौता बेटा था सौरभ, घर में पसरा मातम
आपको बता दें कि, सौरभ अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके माता-पिता भाई दूज और छठ पूजा पर बेटे, बहू और पोतों के घर आने का इंतजार कर रहे थे। घर में त्योहार की खुशियां मनाने की तैयारी थी, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। अब जिस घर में चार लोगों के आने की खुशी थी, वहां एक साथ चार अर्थियां उठने की नौबत आ गई है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस इस मामले में जरूरी कार्रवाई कर रही है।
Created On :  

