बिहार भाजपा अध्यक्ष ने पटना में जलभराव के लिए प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

Bihar BJP president holds administration responsible for waterlogging in Patna
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने पटना में जलभराव के लिए प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने पटना में जलभराव के लिए प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

पटना, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के कई इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशनियां कम नहीं हो रही हैं। इस बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार सरकार में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने जलभराव और बाढ़ से निपटने में प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए नीतीश सरकार पर निशाना साधा है।

जायसवाल ने फेसबुक पर लिखा, विगत तीन दिनों से पटना के हालात पर विचलित हूं। प्राकृतिक आपदा पर किसी का बस नहीं होता है, पर 24 घंटे बारिश रुक जाने के बाद भी पानी का नहीं निकलना यह बताता है कि प्रशासनिक लापरवाही जरूर हुई है।

उन्होंने आगे कहा कि राहत कार्य में लगी जनता, कार्यकर्ताओं और संघ के स्वयंसेवकों को धन्यवाद, जो इस विषम परिस्थिति में मदद पहुंचा रहे हैं। उन्होंने गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और केंद्र सरकार को भी धन्यवाद दिया, क्योंकि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ ) की 20 टीमें बिहार में भेजी गई हैं।

उन्होंने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करने की बात कहते हुए आगे लिखा, इस पूरे प्रकरण में जो प्रशासनिक अधिकारी दोषी हैं, उन पर कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए। सांसद व विधायकों की स्थिति जनप्रतिनिधि के नाते बहुत अच्छी तरह समझ सकता हूं। सांसद और तीनों विधायक लगातार मेहनत कर रहे हैं, मगर नालों की सफाई और मोटर पंप से संबंधित काम करने में उनकी कोई भूमिका नहीं होती है।

उन्होंने लापरवाही के मुद्दे पर कहा, 10 दिनों बाद इसकी समीक्षा होनी चाहिए और बिहार सरकार को दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए, जिसके लिए मैं भी उच्चस्तर पर बात करूंगा।

उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के बाद पटना के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। कई इलाकों में बारिश रुकने के तीन दिनों के बाद भी तीन-चार फुट पानी जमा है। अब यह पानी सड़ने लगा है और इसमें बदबू उठ रही है। इस वजह से अब मच्छर पैदा होने व अन्य बीमारियां फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है।

Created On :   2 Oct 2019 5:30 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story