कांग्रेस ने अदिति सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया

Congress issues show cause notice to Aditi Singh
कांग्रेस ने अदिति सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया
कांग्रेस ने अदिति सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया

लखनऊ, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। महात्मा गांधी की जयंती पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में हिस्सा लेना कांग्रेस की सदर विधायक अदिति सिंह को भारी पड़ गया है। पार्टी के विधानमण्डल दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

अजय लल्लू ने विधानसभा के विशेष सत्र में अदिति की उपस्थिति को अनुशासनहीनता बताते हुए उनसे जवाब मांगा है। अदिति को जारी कारण बताओ नोटिस में यह भी कहा गया है कि दो दिन की समयसीमा में अगर जवाब नहीं आया तो पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

दूसरी ओर, रायबरेली में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अदिति सिंह के घर के बाहर घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। वह अदिति सिंह से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

ज्ञात हो कि रायबरेली सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी के सदन के बहिष्कार के फैसले की अवहेलना करते हुए विधानसभा के विशेष सत्र में हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा था कि वह दलगत भावना से ऊपर उठकर महात्मा गांधी पर बोलने आई हैं।

उन्होंने यह भी कहा था कि वह शिक्षित और पढ़ी-लिखी विधायक हैं। इसलिए कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त किए जाने का उन्होंने समर्थन किया। उन्होंने विधानसभा सत्र में तो हिस्सा लिया, लेकिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पैदल मार्च से वह दूर रहीं।

-- आईएएनएस

Created On :   4 Oct 2019 7:30 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story