मप्र : अब मुहल्लों में होगा समस्याओं का निपटारा

MP: Now problems will be settled in the neighborhood
मप्र : अब मुहल्लों में होगा समस्याओं का निपटारा
मप्र : अब मुहल्लों में होगा समस्याओं का निपटारा

भोपाल, 29 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में नागरिकों को अब अपने नगरीय निकाय से संबंधित समस्याओं के निपटारे के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे, बल्कि अब उनकी समस्याओं का मुहल्ले में ही निपटारा हो जाएगा। इसके लिए दो अक्टूबर गांधी जयंती से शहर सरकार-आपके द्वार अभियान शुरू किया जा रहा है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह ने रविवार को बताया, अभियान में ई-नगरपालिका पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगरीय निकायों में नागरिकों की समस्याओं का निराकरण अब उनके मुहल्ले में ही होगा। राज्य सरकार द्वारा नागरिकों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए गांधी जयंती से शहर सरकार-आपके द्वार अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 22 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

उन्होंने कहा, सी.एम.हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण का सत्यापन भी किया जाएगा। नागरिकों को ऑनलाइन भवन अनुज्ञा से संबंधित आटोमेटेड बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम की जानकारी दी जाएगी। सूखे एवं गीले कचरे का घर पर पृथक्कीकरण शुरू कराया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में जिनके आवास पूर्ण हो गए हैं, उनको गृह प्रवेश कराया जाएगा। अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को आवासीय पट्टे दिए जाएंगे। पूरे हुए निर्माण कार्यो का लोकार्पण और प्रस्तावित निर्माण कार्यो का भूमि-पूजन भी किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया, 22 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में वाटर हार्वेस्टिंग, युवा स्वाभिमान, पॉलीथिन मुक्ति, बेसहारा गोवंश का संरक्षण आदि विषयों पर शोध किया जाएगा। इस दौरान आयोजित शिविरों में विभिन्न विषयों पर जानकारी देने के लिए स्वयंसेवकों का भी चयन किया गया है।

राज्य स्तर पर प्रतिदिन अपर आयुक्त ई-नगरपालिका द्वारा अभियान की समीक्षा की जाएगी। इसकी पूरी रिपोर्ट प्रतिदिन प्रमुख सचिव (नगरीय विकास एवं आवास) और आयुक्त (नगरीय प्रशासन एवं विकास) को दी जाएगी।

-- आईएएनएस

Created On :   29 Sept 2019 8:30 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story