जनजातीय कार्य विभाग के नाम से जाना जाएगा आदिमजाति कल्याण विभाग

डिजिटल डेस्क,भोपाल। अब आदिमजाति कल्याण विभाग जनजातीय कार्य विभाग के नाम से जाना जाएगा। राज्य सरकार ने आदिमजाति कल्याण विभाग का नाम बदल दिया है। दरअसल भारत सरकार के आदिवासियों के कल्याण से संबंधित मंत्रालय का नाम जनजातीय कार्य विभाग है। लिहाजा मप्र सरकार ने भी अपने विभाग का नाम केंद्र की तर्ज पर बदल दिया है। केंद्र में यह विभाग मिनिस्ट्री आफ ट्रायबल अफेयर्स कहलाता है।
मप्र में यह विभाग अंग्रेजी में अब तक ट्रायबल वेलफेयर डिपार्टमेंट कहलाता था जो अब अंग्रेजी में ट्रायबल अफेयर्स डिपार्टमेंट कहलाएगा। यानी अब आदिवासियों के कल्याण संबंधी कार्य के स्थान पर उनसे संबंधित कार्य किए जाएंगे। मप्र सरकार ने नाम बदलने के लिए भारत के संविधान के अनुच्छेद 166 के खण्ड 2 व 3 के तहत मिली शक्तियों का उपयोग किया है। मप्र शासन ने कार्य आवंटन नियमों में बदलाव किया है। इस संबंध में राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
आदिवासी विकास के अपर संचालक जेके प्रभाकरका कहना है कि विभाग का नाम बदल गया है, केंद्र में भी इसी नाम से मंत्रालय है। वेलफेयर शब्द के स्थान पर अफेयर होने के संबंध में कुछ कहा नहीं जा सकता।
Created On :   2 Aug 2017 11:22 AM IST