युकां का प्रदर्शन, पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। युवा कांग्रेस ने पुलिस पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने रैली निकालकर हनुमानताल थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई।
दरअसल युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि क्षेत्र में पुलिस के संरक्षण में जुए के अड्डे संचालित हो रहे हैं। मादक पदार्थ स्मैक, चरस, गांजा, अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। पुलिस ईमानदार व्यापारियों का जबरन परेशान कर रही है। युकां ने हनुमानताल थाने तक रैली निकाली और थाने का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान युकां नेताओं की पुलिस से झड़प हुई, जिससे हंगामे व अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। युकां ने 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर अनैतिक कारोबार व अवैध वसूली पर रोक लगाए जाने की मांग की।
युवाओं पर असर
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार और जुए-सट्टे की लत के लगने से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। क्षेत्र में अपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं और पुलिस इससे अनजान बने हुए हैं। अवैध गतिविधियों के चलते महिलाओं का जीना दूभर हो रहा है। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जाए।
Created On :   31 July 2017 8:38 AM IST