आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2026: भारत के उदयवीर का गोल्डन निशाना, फाइनल में जर्मनी को 0.5 अंक से हराया

भारत के उदयवीर का गोल्डन निशाना, फाइनल में जर्मनी को 0.5 अंक से हराया
भारत के युवा निशानेबाज उदयवीर सिद्धू ने ISSF वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया। रविवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में उन्होंने जर्मनी के अनुभवी शूटर क्रिश्चियन रीट्ज को करीबी मुकाबले में हराया।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। भारत के युवा निशानेबाज उदयवीर सिद्धू ने ISSF वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया। रविवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में उन्होंने जर्मनी के अनुभवी शूटर क्रिश्चियन रीट्ज को करीबी मुकाबले में हराया। उदयवीर ने 240.6 अंक हासिल किए, जबकि रीट्ज 240.1 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इटली के पाओलो मोन्ना ने 219.8 अंक लेकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

आखिरी शॉट्स में पलटा मुकाबला

गोल्ड मेडल के लिए दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। फाइनल के आखिरी दौर में उदयवीर रीट्ज से 0.3 अंक पीछे चल रहे थे। ऐसे में भारतीय निशानेबाज ने दबाव में भी अपना धैर्य बनाए रखा।

उदयवीर ने आखिरी दो शॉट में 10.2 और 9.8 अंक हासिल किए। वहीं, रीट्ज दोनों शॉट में 9.6-9.6 अंक ही बना सके। इसी प्रदर्शन के दम पर उदयवीर ने मुकाबला अपने नाम कर लिया और भारत को गोल्ड मेडल दिलाया।

क्वालिफिकेशन में चौथे नंबर पर रहे उदयवीर

फाइनल से पहले हुए क्वालिफिकेशन राउंड में उदयवीर ने कुल 585 अंक हासिल किए थे। उन्होंने छह सीरीज में क्रमशः 99, 98, 98, 97, 97 और 96 अंक बनाए। इस प्रदर्शन के साथ वह चौथे स्थान पर रहे और फाइनल में जगह बनाई।

भारत के जोनाथन गैविन एंटनी ने क्वालिफिकेशन में 586 अंक हासिल किए। उन्होंने इटली के पाओलो मोन्ना के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा स्कोर किया। हालांकि, एंटनी रैंकिंग पॉइंट्स ओनली (RPO) श्रेणी में हिस्सा ले रहे थे, इसलिए उनका मुकाबला सामान्य पदक की दौड़ से अलग था।

भारत ने भेजी 24 खिलाड़ियों की टीम

ISSF वर्ल्ड कप का आयोजन 8 से 16 अक्टूबर 2026 तक हो रहा है। इस प्रतियोगिता में भारत ने 24 सदस्यीय टीम उतारी है। उदयवीर सिद्धू के गोल्ड मेडल ने भारतीय टीम के प्रदर्शन को खास बना दिया है।

Created On :   11 Oct 2026 7:56 PM IST

Tags

Next Story