भाजपा किसी भी तरह सत्ता में रहना चाहती है प्रियंका गांधी

भाजपा किसी भी तरह सत्ता में रहना चाहती है प्रियंका गांधी
कांग्रेस की महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए जहां भाजपा पर जमकर निशाना साधा, वहीं महागठबंधन की सरकार बनने पर कई तरह की योजनाओं को लागू करने का वादा किया।

पटना, 26 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए जहां भाजपा पर जमकर निशाना साधा, वहीं महागठबंधन की सरकार बनने पर कई तरह की योजनाओं को लागू करने का वादा किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस खोखले वादे नहीं करती, बल्कि हमने करके दिखाया है। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कभी धर्म के नाम पर वोट लेती है, तो कभी घुसपैठियों और आतंकवाद के नाम पर वोट लेती है। पिछली बार जब लोगों ने इनके वादे याद दिलाने लगे, तब इन्होंने वोट चोरी का तरीका निकाल लिया।

उन्होंने कहा कि इसके लिए उन लोगों ने बड़ा इंतजाम कर रखा है। उन्होंने कहा कि आज जब चुनाव आया है, तब भाजपा और जदयू के लोग खोखले दावे करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आज किसानों के पास खाद नहीं है, जीएसटी लाकर उनकी कमर तोड़ दी। सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि सही अर्थों में कहें तो आज यहां के किसानों की हालत वही है जब महात्मा गांधी यहां आंदोलन के लिए आए थे। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि आप अपना वोट देश के लिए, अपनी धरती के लिए और अपने बच्चों के भविष्य के लिए डालें।

प्रियंका गांधी ने बिहार की समस्याओं को गिनाते हुए कहा कि बिहार में सबसे अधिक बेरोजगारी है। यहां के सबसे अधिक लोग रोजी-रोजगार के लिए बाहर जाते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग लगातार 20 सालों से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब सरकार बदलने का समय आ गया है।

उन्होंने कहा कि सभी दलों को पहचान कर वोट देने की भी उन्होंने बात कही। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को असली देशभक्त बताते हुए उनकी बहन प्रियंका गांधी ने कहा कि जो असली देशभक्त होगा, वही देश जोड़ने के लिए चार हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा करेगा। एक देशभक्त ही लोगों के पास जाकर उनकी समस्याओं को सुनेगा और उनके समाधान की पहल करेगा। असली देशभक्त कभी चोरी से सत्ता में नहीं आएगा। असली देशभक्त कभी झूठ के वादे नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। प्रियंका गांधी ने वोट की ताकत को समझने की जरूरत बताते हुए बिहार सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया और नई सरकार बनाने का आग्रह किया। उन्होंने इस क्रम में लोगों से कई तरह के वादे भी किए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Sept 2025 5:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story