प्रशांत किशोर पर भड़के भाजपा प्रवक्ता दानिश इकबाल, कहा- जेल जाने का डर...

प्रशांत किशोर पर भड़के भाजपा प्रवक्ता दानिश इकबाल, कहा- जेल जाने का डर...
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी के प्रवक्ता दानिश इकबाल ने कहा कि प्रशांत किशोर ने पागलपन की हदें पार कर दी हैं। भाजपा उनके खिलाफ मानहानि का केस भी करेगी।

पटना, 29 सितंबर (आईएएनएस)। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी के प्रवक्ता दानिश इकबाल ने कहा कि प्रशांत किशोर ने पागलपन की हदें पार कर दी हैं। भाजपा उनके खिलाफ मानहानि का केस भी करेगी।

दरअसल, प्रशांत किशोर ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सीधे निशाने पर लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। प्रशांत किशोर का दावा है कि सम्राट चौधरी कई मामलों में लिप्त रहे हैं, जिसमें शिल्पी गौतम कांड भी शामिल है।

प्रशांत किशोर के इन आरोपों पर भाजपा ने भी आक्रामक रुख अपनाया है। पार्टी के प्रवक्ता दानिश इकबाल ने किशोर के आरोपों को बेबुनियाद और हास्यास्पद बताया। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का हवाला प्रशांत किशोर दे रहे हैं, उनमें अदालत पहले ही सम्राट चौधरी को क्लीन चिट दे चुकी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि सम्राट चौधरी का कोई रोल नहीं है।

दानिश इकबाल ने कहा कि अदालत से क्लीन चिट मिलने के बाद भी वे सम्राट चौधरी पर लगातार आरोप लगा रहे हैं, जो प्रशांत किशोर के राजनीतिक पागलपन को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि शिल्पी गौतम कांड में कौन जिम्मेदार है। इसके बावजूद प्रशांत किशोर द्वारा सम्राट चौधरी पर आरोप लगाना सरासर गलत है।

दानिश इकबाल ने यह भी याद दिलाया कि सम्राट चौधरी वही नेता हैं, जिन्होंने कभी लालू प्रसाद यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई थी। उन्होंने प्रशांत किशोर पर मानहानि का मुकदमा दायर करने की बात दोहराई और कहा कि किशोर जेल जाने के डर से पूरी तरह से विचलित हो चुके हैं।

वहीं, नवरात्रि के महासप्तमी के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा के आवास पर आयोजित महाआरती एवं फलाहारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाग लेने पहुंचे। साथ में मंत्री विजय चौधरी और जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मां दुर्गा से आशीर्वाद लिया।

Created On :   29 Sept 2025 11:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story