दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय जनता को समर्पित, जनसेवा हमारा लक्ष्य वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय जनता को समर्पित, जनसेवा हमारा लक्ष्य  वीरेंद्र सचदेवा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली में नवनिर्मित दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया।

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली में नवनिर्मित दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया।

नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि यह नया कार्यालय दिल्ली भाजपा के लिए नए सपनों और संकल्पों का प्रतीक है।

उद्घाटन समारोह के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कार्यालय दिल्ली में पार्टी के कार्यों को और गति देगा।

वीरेंद्र सचदेवा ने कार्यकर्ताओं से इस अवसर को जनसेवा के लिए प्रेरणा के रूप में उपयोग करने का आह्वान किया।

वहीं, भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यालय को दिल्ली की जनता को समर्पित किया है। यह हम सभी के लिए गौरव का विषय है। इस कार्यालय से दिल्ली में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार की संभावनाओं को बल मिलेगा।"

पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने भी इस अवसर पर देशवासियों और विशेष रूप से भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय पार्टी के कार्यों को और सशक्त बनाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यालय दिल्ली में भाजपा के विकास और सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने इस कार्यालय को सेवा कार्यों में तेजी लाने वाला बताया। उन्होंने कहा, "यह कार्यालय जनता की सेवा के लिए एक मजबूत केंद्र बनेगा। मैं सभी कार्यकर्ताओं और दिल्लीवासियों को बधाई देता हूं।"

वहीं, सांसद मनोज तिवारी ने इसे सेवा का केंद्र बताते हुए कहा, "भाजपा कार्यालय हमारे लिए सेवा का प्रतीक है। डबल इंजन की सरकार विकास के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।"

दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इस कार्यालय का निर्माण कार्यकर्ताओं के लिए एक नया मंच प्रदान करता है। डबल इंजन की सरकार दिल्ली के विकास के लिए समर्पित है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि यह कार्यालय कार्यकर्ताओं को एक बेहतर कार्यस्थल प्रदान करेगा और यह सौभाग्य की बात है कि स्वयं प्रधानमंत्री ने इसके लिए समय निकाला। यह नया कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस है और दिल्ली में भाजपा के संगठनात्मक कार्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Created On :   29 Sept 2025 11:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story