आरएसएस राष्ट्रवादी संगठन, उदित राज हासिल करना चाहते हैं सस्ती लोकप्रियता तरुण चुघ

आरएसएस राष्ट्रवादी संगठन, उदित राज हासिल करना चाहते हैं सस्ती लोकप्रियता  तरुण चुघ
कांग्रेस नेता उदित राज के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को आतंकवादी संगठन कहे जाने वाले बयान ने देश में सियासी घमासान मचा दिया है। इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता उदित राज के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को आतंकवादी संगठन कहे जाने वाले बयान ने देश में सियासी घमासान मचा दिया है। इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने उदित राज के बयान को मूर्खतापूर्ण और अज्ञानता से भरा करार दिया और कहा कि वे केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राष्ट्र को देवता मानकर देश के लिए तप करने वाले लोगों का संगठन है। पिछले सौ वर्षों से यह संगठन व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के महायज्ञ में लगा है। यह जातिवाद और अलगाववाद को तोड़ने के साथ-साथ देश के जन-जन को जोड़ने का कार्य करता है। आरएसएस ने पिछड़े, वंचित और अनुसूचित जनजाति समुदायों के लिए सराहनीय कार्य किया है। उनकी 'नर सेवा, नारायण सेवा' और 'राष्ट्र प्रथम' की सोच ने देशवासियों में संघ के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव पैदा किया है।"

तरुण चुघ ने कांग्रेस पर लद्दाख के मुद्दे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लद्दाख जैसे संवेदनशील क्षेत्र को अपनी राजनीति का अखाड़ा बनाया है।

उन्होंने सवाल उठाया, "लद्दाख में हिंसा किसके इशारे पर हुई? कांग्रेस नेताओं की इसमें क्या भूमिका थी? कौन चीन की सेना को रास्ता दिखाने की बात कर रहा था?"

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए लद्दाख जैसे पर्यटन क्षेत्र को अशांति की आग में झोंक दिया।

तरुण चुघ ने 26/11 मुंबई हमले का जिक्र करते हुए यूपीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस समय सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व वाली सरकार ने विदेशी दबाव के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

चुघ ने तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उनकी स्वीकारोक्ति से यह साफ है कि यूपीए सरकार ने उस समय कमजोरी दिखाई। यदि उस समय सख्त कार्रवाई की गई होती, तो बाद की कई घटनाओं को रोका जा सकता था। जनता सब देख रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2025 8:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story