अरविंद केजरीवाल गिरगिट की तरह रंग बदलने में माहिर हैं प्रवीण खंडेलवाल
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर गोवा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन से इनकार करने को लेकर तंज कसा है। उन्होंने केजरीवाल को 'अवसरवादी' करार देते हुए कहा कि उनकी विश्वसनीयता पर जनता को भरोसा नहीं है।
आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने केजरीवाल पर अवसरवादी राजनीति का आरोप लगाया। कहा कि अरविंद केजरीवाल गिरगिट की तरह रंग बदलने में माहिर हैं। वे इंडी अलायंस का हिस्सा हैं, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है। वे अपनी सुविधा के अनुसार कभी कांग्रेस के साथ होते हैं तो कभी उसका विरोध करते हैं। इसलिए उनके बारे में कुछ भी विश्वास के साथ कहना मुश्किल है। यही कारण है कि जनता उन पर भरोसा नहीं करती।
लद्दाख के कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के मामले में उन्होंने कहा कि हर किसी को अदालत जाने का अधिकार है। हालांकि, जांच एजेंसियों के पास सोनम वांगचुक के खिलाफ ठोस सबूत होंगे, जिनके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। अगर कोई देश की संप्रभुता और सुरक्षा के खिलाफ काम करता है, तो कानून अपना काम करेगा।
एनसीआरबी द्वारा कोलकाता को सबसे सुरक्षित शहर बताए जाने पर खंडेलवाल ने कहा कि आंकड़े खुद बोलते हैं। लेकिन सिर्फ कोलकाता ही क्यों? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश सुरक्षित है, चाहे आंतरिक सुरक्षा हो या बाहरी।
आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार छठ पूजा को पूरी ताकत और आनंद के साथ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बड़े स्तर पर आयोजन के लिए सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। नए घाटों का निर्माण हो रहा है, ताकि लोग अपने घरों के पास ही पूजा कर सकें। इस बार दिल्ली में छठ उत्सव अपने आप में एक विशिष्ट आयोजन होगा।
बता दें कि आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार द्वारा यमुना किनारे सभी घाटों को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष यमुना तट पर 1000 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Oct 2025 2:06 PM IST