विकास और सुशासन का नया प्रतीक बन चुका उत्तर प्रदेश सतीश महाना

विकास और सुशासन का नया प्रतीक बन चुका उत्तर प्रदेश सतीश महाना
उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने अमेरिका के शिकागो में आयोजित उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ ग्रेटर शिकागो के सम्मान समारोह में कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास और सुशासन का नया प्रतीक बन चुका है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से अपनी जड़ों, संस्कृति और मूल्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया। समारोह में प्रवासी भारतीयों ने महाना का भव्य स्वागत किया।

लखनऊ, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने अमेरिका के शिकागो में आयोजित उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ ग्रेटर शिकागो के सम्मान समारोह में कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास और सुशासन का नया प्रतीक बन चुका है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से अपनी जड़ों, संस्कृति और मूल्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया। समारोह में प्रवासी भारतीयों ने महाना का भव्य स्वागत किया।

शिकागो स्थित उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ ग्रेटर शिकागो द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बोलते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा, “हम सबका यह परम सौभाग्य है कि हमने जिस धरती पर जन्म लिया, वह देवभूमि है। हमारे संस्कार और संस्कृति ने हमें विश्व मंच पर एक विशिष्ट पहचान दी है।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है और यह हमारे लिए गर्व की बात है कि प्रवासी भारतीय आज भी अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीय समुदाय से आग्रह किया कि वे अपने मूल और संस्कृति के प्रति सदैव ईमानदार रहें।

महाना ने कहा, “यदि उत्तर प्रदेश एक राष्ट्र होता तो यह विश्व का पांचवां सबसे बड़ा देश होता। हमें गर्व होना चाहिए कि हम उसी पावन भूमि के पुत्र-पुत्रियां हैं।”

महाना ने प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा, “हमें अपनी योग्यता, परिश्रम और ईमानदारी से भारत का नाम ऊंचा करना है। राजनीतिक दृष्टि से कहा जाता है कि केंद्र की राजनीति का मार्ग उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है, यही प्रदेश देश की दिशा और विकास दोनों तय करता है।”

उन्होंने प्रवासी भारतीयों को उत्तर प्रदेश आने का निमंत्रण देते हुए कहा, “जब आप उत्तर प्रदेश आएंगे तो देखेंगे कि प्रदेश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व का परिणाम है कि प्रदेश आज विकास की राह पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।”

महाना का यह सम्मान उस समय हुआ जब वे ब्रिजटाउन (बारबाडोस) रवाना होने की तैयारी में हैं, जहां वे 5 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (सीपीसी) में उत्तर प्रदेश विधानसभा का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह सम्मेलन राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) की 180 शाखाओं की वार्षिक बैठक है, जिसमें दुनिया भर के संसद अध्यक्ष और प्रतिनिधि भाग लेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में जा रहे भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल में महाना सहित कई राज्यों के विधानसभाध्यक्ष शामिल हैं। महाना सम्मेलन के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुदृढ़ता, सुशासन में प्रौद्योगिकी की भूमिका, जलवायु परिवर्तन और वित्तीय पारदर्शिता जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

---आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Oct 2025 11:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story