बिहार में जनता ने महागठबंधन की सरकार बनाने का इरादा किया हर्षवर्धन सपकाल

मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया है कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरण में आयोजित कराए जाएंगे। चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दलों की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इस विधानसभा चुनाव में परिवर्तन देखने को मिलेगा और जनता इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएगी।
उन्होंने चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए कहा कि संवैधानिक संस्था से उम्मीद होती है कि वह निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराएगी, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत नहीं होता। उन्होंने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग से निष्पक्ष भूमिका निभाने की अपेक्षा है ताकि लोकतंत्र की गरिमा बनी रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 साल के कार्यकाल को भाजपा नेताओं द्वारा ऐतिहासिक बताए जाने पर कांग्रेस नेता ने आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि 24 साल के कार्यकाल में सरकार को यह बताना चाहिए कि युवाओं को कितना रोजगार मिला, किसानों के हित में क्या-क्या कदम उठाए गए। देश की जनता को यह जानने का हक है कि 100 स्मार्ट सिटी बनाने का वादा कहां तक पूरा हुआ।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए घोषित 31,628 करोड़ रुपए के राहत पैकेज पर भी कांग्रेस नेता ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह घोषणा केवल इसलिए की गई, क्योंकि पीएम मोदी का दौरा था। यह महाराष्ट्र के किसानों के साथ धोखा है। उन्होंने मांग कि है कि किसानों को प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपए की सहायता और कर्जमाफी दी जाए।
महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि महायुति में सबकुछ बिगड़ चुका है। ये लोग केवल सत्ता के लिए एकजुट हुए थे। उन्होंने कहा कि वे सवाल भी उठाते हैं और सरकार में भी बने रहना चाहते हैं, यह उनकी दोहरी मानसिकता को दिखाता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2025 7:16 PM IST