मुंबई पुलिस ने अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया

मुंबई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई की पुलिस ने अवैध रूप से रह रही 36 वर्षीय बांग्लादेशी महिला नागरिक को हिरासत में ले लिया।
मुंबई की देवनार पुलिस ने बांग्लादेशी महिला नागरिक को हिरासत में लेकर डिपोर्ट करने का प्रोसेस जारी कर दिया है। देवनार पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी महिला इलाके में आने वाली है, जिसके बाद पुलिस ने महिला को खोज निकाला।
बांग्लादेशी महिला की पहचान जरीना खातून मो. हसमत अली बिस्वास के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला ने बिना किसी दस्तावेज के भारत में प्रवेश किया। उसके पास से बांग्लादेशी होने के दस्तावेज भी मिले। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर डिपोर्ट करने का प्रोसेस शुरू किया। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है कि क्या उसके साथ अन्य लोग भी मुंबई आए हैं।
पिछले महीने के अंत में मुंबई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत में अवैध रूप से रह रहे कुल 5 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई जोगेश्वरी पुलिस स्टेशन पुलिस ने की थी।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक बांग्लादेशी नागरिक मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में आने वाला है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जाल बिछाया और जोगेश्वरी ईस्ट स्थित एमएमआरडीए कॉलोनी के सामने से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पुलिस ने जब उसका नाम और पता पूछा तो उसने अपना नाम सलीम बलाई मोल्ला बताया, जिसकी उम्र 38 साल है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया कि वह बांग्लादेश का नागरिक है और भारत में अवैध रूप से रह रहा है। सलीम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गहन पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान सलीम ने यह खुलासा किया कि उसके साथ और भी चार बांग्लादेशी नागरिक मुंबई में अवैध रूप से रह रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर जोगेश्वरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाकी चार बांग्लादेशी नागरिकों को भी अलग-अलग स्थानों से हिरासत में ले लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2025 11:08 PM IST