बीजद सांसद सुलता देव ने की दुर्गापुर घटना की निंदा, कहा- महिलाएं आज भी असुरक्षित

बीजद सांसद सुलता देव ने की दुर्गापुर घटना की निंदा, कहा- महिलाएं आज भी असुरक्षित
बीजू जनता दल (बीजद) की सांसद सुलता देव ने दुर्गापुर में एक ओड़िया लड़की के साथ हुए गैंगरेप की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत शर्मनाक और दर्दनाक है।

भुवनेश्वर, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बीजू जनता दल (बीजद) की सांसद सुलता देव ने दुर्गापुर में एक ओड़िया लड़की के साथ हुए गैंगरेप की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत शर्मनाक और दर्दनाक है।

उन्होंने कहा कि चाहे वह ओड़िया लड़की हो, गुजराती हो या किसी और राज्य की, हर महिला देवी दुर्गा का रूप है। महिलाओं के साथ इस तरह का उत्पीड़न, छेड़छाड़ और दुष्कर्म अस्वीकार्य है।

सांसद ने इस घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि दुर्गापुर में ओड़िया लड़की सुरक्षित नहीं है, तो क्या हम यह कह सकते हैं कि लड़कियां कहीं भी सुरक्षित हैं, यहां तक कि ओडिशा में भी? घटना को ही देख लीजिए, जहां कथित तौर पर दस लोगों ने एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। ये कोई अलग-थलग मामले नहीं हैं, बल्कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा देशभर में हो रही है।

उन्होंने कहा कि जब महिलाओं की रक्षा करने वाले ही शोषक बन जाएं, तो हम क्या उम्मीद कर सकते हैं? यहां तक कि भाजपा कार्यकर्ताओं का भी नाम ऐसे जघन्य अपराधों में आ रहा है। अब 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा कहां है?

सुलता देव ने आगे कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में वास्तविक कार्रवाई नहीं हो रही। एनसीआरबी की रिपोर्ट्स दिखाती हैं कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, खासकर उन राज्यों में जहां डबल-इंजन की सरकारें हैं।

उन्होंने कहा कि यदि अब भी अपराधियों को सजा नहीं दी गई, तो अन्य लोग भी इस तरह के अपराध करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

उन्होंने कहा कि आज देश में महिलाएं, बच्चे और छात्र सुरक्षित नहीं हैं। यह सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रही है। जब तक मानसिकता में बदलाव नहीं आएगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ा कदम नहीं उठाया जाएगा, तब तक इस तरह की घटनाएं जारी रहेंगी और देश की प्रतिष्ठा को कलंकित करती रहेंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2025 5:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story