आईपीएस पूरन कुमार के परिवार से मिलने पहुंचे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

आईपीएस पूरन कुमार के परिवार से मिलने पहुंचे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
हरियाणा के आईपीएस वाई पूरन सिंह सुसाइड केस ने देश में सियासी हलचल तेज कर दी है। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी पार्टियां हरियाणा सरकार को घेरने का मौका नहीं चूक रही हैं।

चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के आईपीएस वाई पूरन सिंह सुसाइड केस ने देश में सियासी हलचल तेज कर दी है। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी पार्टियां हरियाणा सरकार को घेरने का मौका नहीं चूक रही हैं।

इस क्रम में पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरमिंदर सिंह राजा वड़िंग ने रविवार को चंडीगढ़ पहुंचकर आईपीएस वाई पूरन कुमार के परिजनों से मुलाकात की।

इस दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह मेरी जिंदगी का पहला ऐसा मामला है, जिसमें सुसाइड नोट मिलने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि वाई पूरन कुमार एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी थे। वे राष्ट्रपति सम्मान से पुरस्कृत थे। उनकी पत्नी भी एक आईएएस अधिकारी हैं। बावजूद इसके इस केस में इतनी बड़ी लापरवाही समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और चंडीगढ़ पुलिस को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। हमें नहीं पता कि चंडीगढ़ पुलिस पर क्या दबाव है, क्योंकि सुसाइड नोट के मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है, लेकिन इस मामले ने देश को शर्मसार किया है। चिंता की बात यह है कि अगर इतने बड़े पुलिस अधिकारी और उनके परिवार को अगर न्याय नहीं मिल रहा है तो आम आदमी का क्या होगा।

वहीं, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि एडीजीपी पूरन कुमार गरीबों के हक के लिए लड़ते थे और अंबेडकर के विचारों पर चलते थे। इतने वरिष्ठ अधिकारी होने के बावजूद उन्हें अभी तक न्याय नहीं मिल रहा है।

इसकी उच्चतम स्तर पर जांच होनी चाहिए और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने वालों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी शनिवार को हरियाणा आईपीएस वाई. पूरन कुमार के परिवार से मुलाकात की। सीएम भगवंत मान ने कहा कि परिवार के दुख को शब्दों में नहीं बताया जा सकता। सीएम भगवंत मान ने कहा कि अमनीत पी. कुमार हरियाणा में आईएएस हैं, पंजाब की बेटी और सीनियर अधिकारी हैं, लेकिन उनको भी इंसाफ की गुहार लगानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि भारत एक गुलदस्ता है, जिसमें अलग-अलग रंग के फूल हैं। एक लड़का जो इतने बड़े पद पर पहुंचा, उसको ऐसा कदम उठाना पड़ा। आज ऐसा हो रहा है कि अगर कोई नीचे से ऊपर आ गया तो उसे बढ़ने नहीं दिया जा रहा है।

भगवंत मान ने कहा कि मैं हरियाणा के मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि इस परिवार को न्याय दिया जाए। कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि अमनीत पी. कुमार की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना को लागू करने में अहम भूमिका थी। मैं हरियाणा के मुख्यमंत्री से भी बात करूंगा। केंद्र व राज्य सरकार इस मामले में इंसाफ दिलाएं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2025 6:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story