बिहार चुनाव में इंडिया ब्लॉक की जीत सुनिश्चित सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा

लखनऊ, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी चरम पर है। एनडीए ने सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। वहीं, विपक्षी 'इंडिया' ब्लॉक में शामिल दलों के बीच सीट बंटवारा होना बाकी है। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने सोमवार को दावा किया कि जल्द ही महागठबंधन में सीट बंटवारे की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
रविदास मेहरोत्रा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "इंडिया ब्लॉक के सभी दलों में सीटों का बंटवारा लगभग हो गया है। बहुत जल्द, एक-दो दिन में सारी सीटें फाइनल हो जाएंगी। कोई मतभेद नहीं है। जो प्रत्याशी जीतने वाला है, उसे टिकट दिया जा रहा है। 'इंडिया' ब्लॉक की सरकार तय है। बिहार में तेज लहर चल रही है।"
उन्होंने तंज कसा और कहा, "एनडीए के सहयोगी दलों में बहुत मतभेद है। भाजपा की कार्यशैली से नाराजगी है। गठबंधन ज्यादा दिन नहीं चलेगा। जनता इंडिया ब्लॉक के पक्ष में है। एनडीए की हार निश्चित है।"
उन्होंने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर तंज कसा और मौकापरस्त बताया। उन्होंने कहा, "राजभर का कोई भरोसा नहीं। वे कभी किसी दल में आ सकते हैं। बिहार में एनडीए से नाराजगी का असर यूपी में भी पड़ेगा। अब उन्हें सरकार में रहने का नैतिक अधिकार नहीं।"
बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे को लेकर तस्वीर साफ हो गई। बिहार चुनाव में जदयू और भाजपा 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जबकि सहयोगी दल लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें और आरएलएम एवं हम को 6-6 सीटें मिली हैं।
बता दें कि बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव प्रस्तावित हैं। पहले चरण के लिए 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग है, जबकि 14 नवंबर को नतीजे आएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Oct 2025 11:44 PM IST