हिमाचल सीएम सुक्खू के ब्रिटिश संसद में संबोधन का दावा झूठा, जयराम ठाकुर ने खोली पोल

शिमला, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के इंग्लैंड दौरे को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू के ब्रिटिश पार्लियामेंट में संबोधन के दावे को झूठा बताते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ब्रिटिश पार्लियामेंट द्वारा झूठे सर्टिफाइड होने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।
दरअसल, कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सुक्खू इंग्लैंड गए थे। इस दौरान प्रदेश सरकार और कुछ मीडिया माध्यमों में यह दावा किया गया था कि सीएम सुक्खू ने ब्रिटिश पार्लियामेंट के हाउस ऑफ लॉर्ड्स को संबोधित किया और ऐसा करने वाले वे देश के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। लेकिन, अब इस दावे की सच्चाई सामने आ गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि उनके कार्यालय ने इस दावे की सच्चाई जानने के लिए हाउस ऑफ लॉर्ड्स से ईमेल के माध्यम से संपर्क किया। वहां से जो जवाब मिला, उसने सुक्खू सरकार की पोल खोल दी। ईमेल में स्पष्ट रूप से कहा गया कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा किसी भी प्रकार का आधिकारिक संबोधन हाउस ऑफ लॉर्ड्स में नहीं हुआ था।
जयराम ठाकुर ने बताया कि 19 सितंबर के बाद हाउस ऑफ लॉर्ड्स की कोई बैठक या कार्यवाही हुई ही नहीं थी। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा 24 सितंबर को ब्रिटिश पार्लियामेंट को संबोधित करने का दावा पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठा है। ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने झूठ बोलने की सारी सीमाएं पार कर दी हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “सीएम कब सच बोलते हैं, यह किसी को नहीं पता।” ठाकुर ने आगे कहा कि झूठ बोलना और अफवाहें फैलाना सुक्खू सरकार की आदत बन गई है और वे शासन चलाने के लिए भी झूठ का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रामक दावे करके मुख्यमंत्री न केवल अपनी बल्कि राज्य सरकार की गरिमा भी गिरा रहे हैं। सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर झूठे दावे प्रचारित करना गंभीर मामला है।
जयराम ठाकुर ने मांग की कि मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेश की जनता और मीडिया से इस झूठे दावे के लिए माफी मांगें। हम उनके हर झूठ का दस्तावेज जनता के सामने लाते रहेंगे। झूठ के पांव नहीं होते और देर-सवेर सच्चाई सामने आ ही जाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2025 11:19 PM IST