'महाभारत' फेम पंकज धीर का निधन, फिरोज खान ने पोस्ट कर दी जानकारी

महाभारत फेम पंकज धीर का निधन, फिरोज खान ने पोस्ट कर दी जानकारी
मशहूर अभिनेता पंकज धीर का बुधवार सुबह निधन हो गया। उन्हें बीआर चोपड़ा के आइकॉनिक टीवी सीरियल 'महाभारत' में कर्ण का किरदार निभाने के लिए दुनियाभर में पहचान मिली।

मुंबई, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। मशहूर अभिनेता पंकज धीर का बुधवार सुबह निधन हो गया। उन्हें बीआर चोपड़ा के आइकॉनिक टीवी सीरियल 'महाभारत' में कर्ण का किरदार निभाने के लिए दुनियाभर में पहचान मिली।

उनकी मौत की खबर की पुष्टि उनके सह-कलाकार और 'महाभारत' में अर्जुन बने फिरोज खान ने अपने सोशल मीडिया पर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “एक सज्जन व्यक्ति ने दुनिया को अलविदा कह दिया। आपकी बहुत याद आएगी दोस्त पंकज धीर।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पंकज धीर का देहांत 15 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि वह लंबे अरसे से कैंसर का इलाज करा रहे थे, जिसके चलते उनका देहांत हुआ है। वह इससे जंग जीत चुके थे, लेकिन कुछ महीने पहले यह फिर से फैल गया। इस दौरान उनकी एक बड़ी सर्जरी भी हुई थी।

पंकज धीर के निधन से इंडस्ट्री और फैंस गहरे शोक में डूबे हैं। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले शमशान घाट में किया जाएगा।

पंकज धीर को टीवी धारावाहिक 'महाभारत' में कर्ण की भूमिका और 'चंद्रकांता', 'द ग्रेट मराठा', 'युग' तथा 'बढ़ो बहू' में उनकी अन्य भूमिकाओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में छोटी भूमिकाओं में अभिनय किया, जिनमें 'सड़क', 'सोल्जर' और 'बादशाह' शामिल हैं। जहां 'महाभारत' ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई, वहीं फिल्मों में सपोर्टिंग रोल्स ने बॉलीवुड में उनकी मौजूदगी दर्ज कराई। उनके जाने से फिल्म जगत को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है।

पंकज धीर के बेटे निकितिन धीर भी एक पिता की तरह एक अभिनेता है। उन्हें 'जोधा अकबर' और 'चेन्नई एक्सप्रेस' जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए जाना जाता है। 2006 में पंकज धीर ने अपने भाई सतलुज धीर के साथ मिलकर मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में एक आधुनिक शूटिंग स्टूडियो 'विसेज स्टूडियोज' की स्थापना की, जो फिल्म और टीवी प्रोडक्शन के लिए लोकप्रिय जगह बन गई।

2010 में उन्होंने मुंबई में एक अभिनय अकादमी भी खोली, जहां प्रसिद्ध अभिनेता गुफी पेंटल को प्रमुख बनाया गया, ताकि नए कलाकारों को ट्रेनिंग दी जा सके। इंडस्ट्री में उन्होंने न सिर्फ अभिनय किया बल्कि प्रोडक्शन और मेंटरिंग में भी हाथ आजमाया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Oct 2025 1:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story