झारखंड घाटशिला उपचुनाव झामुमो और भाजपा प्रत्याशी शुक्रवार को करेंगे नामांकन

झारखंड घाटशिला उपचुनाव  झामुमो और भाजपा प्रत्याशी शुक्रवार को करेंगे नामांकन
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सोमेश सोरेन को झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। सोमेश सोरेन शुक्रवार को नामांकन करेंगे। वहीं, भाजपा के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन भी शुक्रवार को नामांकन कर सकते हैं।

रांची, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सोमेश सोरेन को झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। सोमेश सोरेन शुक्रवार को नामांकन करेंगे। वहीं, भाजपा के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन भी शुक्रवार को नामांकन कर सकते हैं।

सोमेश सोरेन के नामांकन में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री और विधायक मौजूद होंगे, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन घाटशिला की जनता को संबोधित भी करेंगे।

भाजपा के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के नामांकन में भाजपा के कई दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, और कई अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। नामांकन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

वर्ष 2024 के चुनाव में यहां जीत दर्ज करने वाले रामदास सोरेन के निधन के चलते यह सीट रिक्त हुई। घाटशिला उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच होने की उम्मीद है।

2024 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने बाबूलाल सोरेन को मैदान में उतारा था, लेकिन वे चुनाव हार गए थे। उस चुनाव में विजयी रामदास सोरेन को 98,356 वोट मिले थे, जबकि बाबूलाल सोरेन ने 75,910 वोट प्राप्त किए थे।

उपचुनाव की अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी कर दी गई थी। कैंडिडेट के नॉमिनेशन की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर है। 24 अक्टूबर तक नाम वापस लिया जा सकेगा। यहां 11 नवंबर को मतदान और 14 नवंबर को मतगणना होगी।

घाटशिला विधानसभा सीट पूर्वी सिंहभूम जिले में आती है और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, इस उपचुनाव में कुल 2,55,823 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,24,899 पुरुष और 1,30,921 महिला मतदाता शामिल हैं।

इस विधानसभा सीट पर महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। विधानसभा क्षेत्र में 218 लोकेशन पर कुल 300 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 12 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं, जबकि तीन पुराने मतदान केंद्रों का अन्य केंद्रों के साथ विलय किया गया है। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Oct 2025 11:45 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story